Bundi : क्यू आर कोड की सुविधा के बावजूद नहीं मिली कतार से निजात

Bundi : क्यू आर कोड की सुविधा के बावजूद नहीं मिली कतार से निजात

कापरेन. शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर क्यू आर कोड से ऑन लाइन पर्ची कटवाने की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद रोगियों को पर्ची कटवाने के लिए लम्बी कतार में लगना पड़ रहा है। अस्पताल में रोगियों को परामर्श पर्ची कटवाने के लिए पर्ची काउंटर पर कतार में लग कर इंतजार करने को समस्या से निजात दिलाने के लिए करीब दो पहले क्यू आर कोड से ऑन लाइन पर्ची कटवाने की सुविधा शुरू की गई थी।

इसके बावजूद अस्पताल में पर्ची काउंटर पर रोगियों को कतार से निजात नही मिल रही है। अस्पताल में पर्ची काउंटर पर कतार लगने से पर्ची कटवाने के लिए रोगियों को इंतजार करना पड़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि अस्पताल में तीन पर्ची काउंटर होने के बावजूद कतार लग रही है। वही मोबाइल से ऑन लाइन सुविधा होने के बावजूद मोबाइल एप के अभाव और जानकारी के अभाव में रोगी क्यू आर कोड से ऑन लाइन पर्ची कटवाने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिससे पर्ची कटवाने आए रोगियों और तीमारदारों को काफी देर तक कतार में खड़ा होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है।

अस्पताल में पहुंच रहे रोगियों कहना है कि ऑन लाइन पर्ची कटवाने की प्रक्रिया की जानकारी नहीं है। वहीं पर्ची कटवाने के बाद भी चिकित्सक कक्ष के सामने रोगियों की लाइन लगी रहती है।वहां भी परामर्श के लिए इंतजार करना पड़ता है। पर्ची कटवाने और चिकित्सक को दिखाने में करीब आधा घंटा लग जाता है। इसके बाद दवा काउंटर पर दवाइया लेने और इंजेक्शन लगवाने में समय लगता है। पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग जाता है। रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

दवा और पर्ची काउंटर पर भीड़
अस्पताल में आने वाले रोगियों का कहना है कि पर्ची काउंटर और दवा काउंटर पर खड़े होने की जगह एक ही परिसर में होने से रोगियो की भीड़ अधिक नजर आती है। रोगियों के साथ तीमारदारों की भीड़ भी रहती है। जिससे कतार लगने पर काफी भीड़ रहती है। रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भीड़ होने से कतार में लगे रोगियों को भी पर्ची कटवाने के लिए कई बार आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है।

नया अस्पताल भवन बने तो मिले राहत
शहरवासियों का कहना है कि पिछले बजट में अस्पताल क्रमोन्नत होकर पचास बेड होने की घोषणा हुई थी। जिसके बाद नए भवन निर्माण के लिए जगह भी स्वीकृत हो चुकी है। लेकिन भवन का निर्माण कार्य शुरू नही हुआ है। वही क्रमोन्नत होने से यहां स्टाफ बढऩे की उम्मीद थी। अब तक स्टाफ नहीं बढ़ने से रोगियों को सुविधा नही मिल रही है।

कर्मचारियों द्वारा लोगो के मोबाइल पर एप डाउनलोड करवाया गया है।इसके बाद ही क्यू आर कोड से ऑन लाइन पर्ची कटवाने की सुविधा शुरू की गई है। तकनीकी जानकारी के अभाव में अधिकतर लोग इस सुविधा का उपयोग नहीं करते हैं। पर्ची काउंटर पर खड़े होकर ही पर्ची कटवाते है। वहीं रोगियों की संख्या भी इन दिनों अधिक रहने से कतार लग जाती है। समस्या को देखते हुए अस्पताल पर्ची काटने के तीन काउंटर चल रहे हैं।
जगदीश प्रसाद मीणा, प्रभारी चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कापरेन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *