चित्रकूट में 53वां राष्ट्रीय रामायण मेला शुरू:राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने किया उद्घाटन, रामकथा पर विद्वान देंगे बौद्धिक व्याख्यान

चित्रकूट में 53वां राष्ट्रीय रामायण मेला शुरू:राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने किया उद्घाटन, रामकथा पर विद्वान देंगे बौद्धिक व्याख्यान

भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में 53वां राष्ट्रीय रामायण मेला शुरू हो गया है। महाशिवरात्रि के पुण्य पर्व पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह मेला रविवार को रामायण मेला भवनम् के डॉ. लोहिया प्रेक्षागृह में विधिवत उद्घाटित किया गया। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद सहित विभिन्न भाषाओं के रामायण विद्वान, संत-मनीषी, सांस्कृतिक दल और कलाकार उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। रामायण मेला के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत करवरिया और महामंत्री डॉ. करूणा शंकर द्विवेदी ने बताया कि मेले में भाग लेने के लिए देशभर से संत, मनीषी, कलाकार और सांस्कृतिक दलों का आगमन जारी है। डॉ. जंगबहादुर पांडे (रांची), डॉ. वाणी कुमारी (हैदराबाद), प्रो. मिथिला प्रसाद त्रिपाठी (इंदौर), डॉ. संजय पंकज (मुजफ्फरपुर), डॉ. ओंकारनाथ द्विवेदी, डॉ. सुशील कुमार पांडे और डॉ. त्रिभुवन नाथ शुक्ल जैसे कई विद्वान रामकथा पर अपने बौद्धिक व्याख्यान देंगे। मेले में लोकगीत, लोकनृत्य, भजन, नृत्य-नाटिका, नौटंकी, रामलीला और रासलीला जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। आकाशवाणी प्रयागराज से जुड़े कलाकारों के साथ-साथ नोएडा और नई दिल्ली की सांस्कृतिक संस्थाओं के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों के अनुसार, मेला परिसर को पूरी तरह से सजाया गया है। बेड़ी पुलिया से लेकर रामघाट तक की विद्युत सजावट और भव्य स्वागत द्वार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। प्रदर्शनी स्थल पर विभिन्न प्रकार के प्रतिष्ठान, दुकानें और झूले भी लगाए गए हैं, जो पर्यटकों के लिए खास आकर्षण रहेंगे। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग और नोडल अधिकारी रामायण मेला एवं अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार यादव के निर्देशन में सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आयोजकों ने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से मेले में पहुंचकर कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *