शाहजहांपुर में सड़क हादसे में महिला की मौत:आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार, भाई बोले- चंदा और हमदर्दी से करेंगे सुपुर्द-ए-खाक

शाहजहांपुर में सड़क हादसे में महिला की मौत:आर्थिक तंगी से जूझ रहा परिवार, भाई बोले- चंदा और हमदर्दी से करेंगे सुपुर्द-ए-खाक

शाहजहांपुर में सड़क हादसे में घायल 50 वर्षीय महिला मुन्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। बंडा क्षेत्र की रहने वाली मुन्नी 12 फरवरी को दूध लेने जाते समय एक कार की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उनका राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था। परिजनों ने बताया कि मुन्नी का एक बेटा रियाज विकलांग है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। हादसे के बाद से मुन्नी को होश नहीं आया था और रविवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुन्नी अपने दिव्यांग बेटे रियाज, उसकी पत्नी और उनके दो बच्चों के साथ थाना बंडा क्षेत्र के रामनगर में एक किराये के मकान में रहती थीं। उनकी एक बेटी की शादी हो चुकी है। 12 फरवरी को जब मुन्नी डेयरी से दूध लेने निकलीं और थाने के पास पहुंचीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मुन्नी को पहले सीएचसी और फिर राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। भाई नसीर ने बताया कि मुन्नी के पति खलील अहमद का कुछ समय पहले निधन हो गया था। उसके बाद से परिवार का गुजारा बड़ी मुश्किल से चल रहा था। बेटा विकलांग होने के कारण कोई काम नहीं कर पाता है। आसपास के लोग और कुछ रिश्तेदार मिलकर उनकी मदद करते थे, जिससे उनका खर्च चल पाता था। यहां तक कि मकान का किराया भी इन्हीं लोगों की मदद से दिया जाता था। नसीर ने यह भी बताया कि मुन्नी के पास इलाज के लिए भी पर्याप्त पैसे नहीं थे, जिसके कारण उन्हें कहीं प्राइवेट अस्पताल में नहीं दिखाया जा सका। अब बेटे के पास अंतिम संस्कार के लिए भी पैसे नहीं हैं। इसलिए आसपास के लोग और रिश्तेदार मिलकर चंदा इकट्ठा कर रहे हैं, ताकि मुन्नी का अंतिम संस्कार किया जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *