कन्नौज में एक कोटेदार द्वारा कम राशन दिए जाने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में कोटेदार ने स्वीकार किया कि उसे ऊपर से ही कम राशन मिलता है, इसलिए वह लाभार्थियों को पूरा राशन नहीं दे पाता। यह मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के तेरारब्बू गांव का है। अमित कुमार नामक युवक जब कोटे पर राशन लेने पहुंचा तो उसे कम राशन दिया गया। इस पर अमित ने अपने मोबाइल से कम तौल का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान उसकी कोटेदार संतोष कुमार से बहस भी हुई। अमित द्वारा कम राशन देने का कारण पूछने पर कोटेदार संतोष कुमार ने कहा कि उसे खुद ही ऊपर से कम राशन मिलता है, तो वह लाभार्थियों को पूरा राशन कैसे दे। हालांकि, कैमरे पर नजर पड़ते ही वह घूमकर खड़ा हो गया। अमित ने अन्य ग्रामीणों के भी वीडियो बनाए, जिन्होंने बताया कि कोटेदार एक से दो किलो तक राशन कम देता है और शिकायत करने पर राशन बंद करने की धमकी देता है।
युवक अमित ने बताया कि ज्यादा यूनिट वाले राशन कार्डों पर 5 से 6 किलो तक की कटौती की जाती है। उसे भी 15 किलो की जगह पहले 11 किलो राशन दिया गया। जब उसने विरोध करते हुए वीडियो बनाया, तो कोटेदार ने 14 किलो राशन दिया, लेकिन पूरा तब भी नहीं दिया। कोटेदार ने अमित से कहा कि जहां शिकायत करनी हो कर लो, वह पूरा राशन नहीं दे पाएगा।


