IND vs PAK मैच से पहले खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने ईशान किशन के लिए कही बड़ी बात, वैभव सूर्यवंशी के लिए भी किया ऐलान

IND vs PAK मैच से पहले खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने ईशान किशन के लिए कही बड़ी बात, वैभव सूर्यवंशी के लिए भी किया ऐलान

India vs Pakistan मैच से पहले बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन की भी तारीफ की और कहा कि एक बिहारी सब पर भारी का प्रदर्शन हमलोगों को देखने को मिलेगा। 

India vs Pakistan, T20 world cup 2026: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के जिस मैच का लोगों को इंतजार था वो आज होने वाला है। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले मैच से पहले देश भर में उत्साह चरम पर है। इसी बीच बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने टीम इंडिया का हौसला बढ़ाते हुए जीत की उम्मीद जताई है। जमुई में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने टीम इंडिया को जीत की शुभकामनाएं दीं और खास तौर पर ईशान किशन का जिक्र किया और उनके प्रदर्शन को लेकर बड़ी बात कही।

श्रेयसी सिंह ने क्या कहा?

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा, “मैं भारतीय टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं देती हूं। उम्मीद करती हूं कि बेहतरीन प्रदर्शन करके वो वापस लौटे।” उन्होंने बिहार के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन पर भरोसा जताया। उनका साफ कहना था कि मैदान पर एक बिहारी सब पर भारी का प्रदर्शन हमलोगों को देखने को मिलेगा। गौरतलब है कि टी-20 वर्ल्ड कप के पिछले मैचों में भी ईशान ने अपनी तेजतर्रार बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा है।

वैभव सूर्यवंशी के लिए सम्मान का ऐलान

अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ महज 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को छठी बार चैंपियन बनाने वाले बिहार के वैभव सूर्यवंशी के लिए भी मंत्री ने बड़ा ऐलान किया है। श्रेयसी सिंह ने बताया कि वैभव भारत लौट चुके हैं और उनके कोच के साथ लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने घोषणा की कि बहुत जल्द वैभव को पटना बुलाकर बिहार सरकार द्वारा बड़े स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। श्रेयसी सिंह ने कहा कि वैभव की उपलब्धि बिहार के लिए गर्व की बात है।

पटना में हो रहा हवन

इधर, राजधानी पटना में प्रशंसकों का जोश सातवें आसमान पर है। मैच से पहले टीम इंडिया की जीत के लिए मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और हवन किए जा रहे हैं। प्रशंसक खिलाड़ियों की तस्वीरों के साथ जीत की मन्नतें मांग रहे हैं। हालांकि, मैच स्थल कोलंबो (श्रीलंका) के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हल्की बारिश की आशंका है, लेकिन मैच के समय इसके मात्र 10% रहने का अनुमान है, जिससे खेल प्रेमियों को पूरे मुकाबले की उम्मीद है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *