कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट संकेत दिया कि विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस मैच में खेलेंगे। इस फैसले से संजू सैमसन का बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है।
IND Vs PAK Playing 11, T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुक़ाबला भारत और पाकिस्तान के बीच कल यानि रविवार 15 फरवरी को खेला जाएगा। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेले जाने वाला यह मैच जो भी टीम जीतेगी वह सुपर 8 में अपनी जगह लगभग पक्की कर लेगी। इस मैच में टीम इंडिया दो बदलाव के साथ उतरा सकती है।
अभिषेक शर्मा इस मैच में खेलते दिखेंगे
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शनिवार को प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट संकेत दिया कि विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस मैच में खेलेंगे। अभिषेक नामीबिया के खिलाफ बीमारी के कारण नहीं खेले थे, लेकिन अब वे पूरी तरह फिट हैं और नेट्स में भी अच्छी प्रैक्टिस करते दिखे। इस फैसले से संजू सैमसन का बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है, क्योंकि अभिषेक ओपनिंग में वापसी करेंगे।
वॉशिंगटन सुंदर को मिल सकता है मौका
पिच की स्थिति को देखते हुए टीम इंडिया दो और बदलावों पर विचार कर रही है। प्रेमदासा स्टेडियम की यह पिच धीमी और स्पिनरों के अनुकूल है, जहां मैच के आगे बढ़ने के साथ ग्रिप और टर्न मिलता है। यहां स्पिनरों ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है। सुंदर ऑफ स्पिन के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान दे सकते हैं, जो धीमी पिच पर उपयोगी साबित हो सकता है।
कुलदीप यादव की होगी वापसी
इसके अलावा, बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी शामिल करने की मजबूत संभावना है। कुलदीप अब तक टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों में प्लेइंग 11 में नहीं खेले, लेकिन बाबर आजम के खिलाफ कुलदीप के शानदार रिकॉर्ड और एशिया कप फाइनल में उनके चार विकेट को देखते हुए उन्हें इस मैच में मौका देना अच्छा विकल्प होगा। अगर कुलदीप खेलते हैं, तो भारत तीन स्पिनरों (कुलदीप, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल) के साथ उतर सकता है, जिससे रिंकू सिंह या अर्शदीप सिंह को बाहर रहना पड़ सकता है।
भारत के पास मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और ऑलराउंडर अक्षर पटेल जैसे मजबूत विकल्प हैं, लेकिन पाकिस्तान भी स्पिन में पीछे नहीं है। उसके पास अबरार अहमद और उस्मान तारिक जैसे गेंदबाज हैं, जो भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं, खासकर धीमी पिच पर।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह/कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान: सलमान आगा (कप्तान), सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर)/फखर जमां, शादाब खान, मोहम्मद नवाज/नसीम शाह, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, उस्मान तारिक, अबरार अहमद।
Sports – Patrika | CMS


