महोबा में 22 फरवरी को मेगा विधिक शिविर:वीरभूमि कॉलेज में लगेगा, जिला जज ने प्रचार वाहन रवाना किए

महोबा में 22 फरवरी को मेगा विधिक शिविर:वीरभूमि कॉलेज में लगेगा, जिला जज ने प्रचार वाहन रवाना किए

महोबा में निर्धन और वंचित वर्गों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 फरवरी को वीरभूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक विशाल मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश राम नगीना यादव ने आज शिविर के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह शिविर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन महोबा के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। इसका मुख्य लक्ष्य न्याय को अदालतों तक सीमित न रखकर जनता के दरवाजे तक पहुंचाना है। देखें, 3 तस्वीरें… रवाना किए गए प्रचार वाहन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। अक्सर जानकारी के अभाव में समाज के कमजोर वर्ग, जैसे श्रमिक, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे और अनुसूचित जाति-जनजाति के लोग सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते। जनपद न्यायाधीश राम नगीना यादव ने स्पष्ट किया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य हर तबके को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कराना है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के माध्यम से प्राप्त ये प्रचार वाहन उन क्षेत्रों तक पहुंचेंगे जहां लोग अपने अधिकारों के प्रति कम सजग हैं। शिविर में प्रत्येक विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। यह केवल जानकारी देने का मंच नहीं होगा, बल्कि यहां लाभार्थियों को चिह्नित किया जाएगा और मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस आयोजन को सफल बनाने में अपर जिला जज ध्रुव राय, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुखवीर सिंह और प्रभारी सचिव पूजा सहित कई अधिकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *