तिलक समारोह जा रहे दो दोस्तों पर हमला:एक गंभीर रूप से घायल, गोरखपुर रेफर

तिलक समारोह जा रहे दो दोस्तों पर हमला:एक गंभीर रूप से घायल, गोरखपुर रेफर

देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे दो किशोरों पर कुछ युवकों ने ईंट और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के तिलई बेलवा मोहल्ले की है। 17 वर्षीय हरि यादव, पुत्र मनोज यादव, अपने मित्र 17 वर्षीय प्रियांशु तिवारी के साथ एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए कार से चकिया मोहल्ला जा रहा था। चकिया क्षेत्र के पास पहुंचते ही कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और अचानक ईंट तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हमले के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हरि यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्रियांशु तिवारी का उपचार देवरिया में ही चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गौर कर रही है। परिजनों द्वारा तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *