हर्ष फायरिंग में डीजे ऑपरेटर की मौत…बारात में मची अफरा तफरी, मृतक के सिर में घुसी गोली

हर्ष फायरिंग में डीजे ऑपरेटर की मौत…बारात में मची अफरा तफरी, मृतक के सिर में घुसी गोली

जिले के गगहा थानाक्षेत्र के गुरूकृपा मैरिज हाल से पहले शनिवार की देर रात एक शादी समारोह में हर्ष फायरिंग में डीजे ऑपरेटर की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया, मृतक की पहचान डीजे ऑपरेटर छोटू के रूप में हुई।

मैरिज हाल के पास पहुंचते ही शुरू हुई हर्ष फायरिंग

जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार रात करीब दस बजे की है। गगहा पांडेपार निवासी हरि गोविंद गुप्ता के पुत्र शुभ्रांश की बारात घर से निकलकर गुरु कृपा मैरेज हाल में जा रही थी।

डीजे की धुन पर बाराती नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारात मैरेज हाउस से कुछ ही दूरी पर थी कि बारात में शामिल एक युवक ने पिस्टल से हर्ष फायरिंग शुरू कर दी।

एक गोली डीजे ऑपरेटर के सिर में लगी, मौके पर ही तड़प कर हुई मौत

बताया जा रहा है कि उसने कई फायर किए, जिनमें से दो गोली हवा में चली गईं, जबकि तीसरी गोली डीजे ऑपरेटर के सिर में जा लगी।गोली लगते ही डीजे ऑपरेटर छोटू मौके पर गिर पड़ा।

उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छोटू गोला थाना क्षेत्र के गौशाला गांव का निवासी था और डीजे ऑपरेटर का कार्य करता था।

कई लोग हिरासत में, आरोपी युवक की तलाश जारी

घटना के बाद शादी समारोह का में हड़कंप मच गया, बाराती भी भाग निकले, बता दें कि लड़की पक्ष फरीदाबाद से शादी के लिए कौड़ीराम आया था। किसी तरह वैवाहिक रस्में किसी तरह पूरी कराई गईं।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। आरोपी युवक की तलाश जारी है।

SP साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि हर्ष फायरिंग में डीजे ऑपरेटर की गोली लगने से मौत हुई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *