संभल पुलिस ने शिव भक्त तमन्ना पर बरसाए फूल:बोलीं- कट्टरपंथी विचारधाराओं को नहीं मानती, भोलेनाथ में आस्था है मेरी

संभल पुलिस ने शिव भक्त तमन्ना पर बरसाए फूल:बोलीं- कट्टरपंथी विचारधाराओं को नहीं मानती, भोलेनाथ में आस्था है मेरी

संभल में मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक ने अपनी मन्नत पूरी होने के बाद हरिद्वार से कांवड़ यात्रा की। संभल पहुंचने पर पुलिस और प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की, जबकि सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। शनिवार को जनपद संभल की सीमा में प्रवेश करने पर असमोली सीओ कुलदीप कुमार और इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मनौटा पुलिस चौकी पहुंचने पर पुलिस ने तमन्ना मलिक को सुरक्षा घेरे में ले लिया। थाना असमोली क्षेत्र के गांव बदनपुर बसेई निवासी यामीन की बेटी तमन्ना मलिक ने तीन साल पहले गांव के ही अमन त्यागी पुत्र सुरेंद्र त्यागी से प्रेम विवाह किया था। उनके दो बेटे हैं, आर्यन और यक्क्ष। तमन्ना ने बताया कि उन्होंने भोलेनाथ से अपनी पसंद के व्यक्ति से शादी होने की मन्नत मांगी थी, जिसके पूरी होने पर वह कांवड़ लेकर आ रही हैं। यात्रा के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने जगह-जगह तमन्ना का स्वागत किया। कई लोगों ने उन्हें हजारों रुपये का चढ़ावा दिया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। तमन्ना ने बताया कि उनकी यात्रा पूरी तरह आसान नहीं थी। शुरुआत के दो गांवों में उन्हें कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इसके बाद पुलिस-प्रशासन का सहयोग मिला, जिससे उन्हें अब कोई समस्या नहीं है। उनके पति अमन त्यागी ने भी बताया कि नजीबाबाद के 4 किलोमीटर के रास्ते में थोड़ी दिक्कत आई थी। तमन्ना मलिक (जिन्हें तुलसी भी कहा जाता है) ने कहा कि वह भगवान भोलेनाथ में अटूट विश्वास रखती हैं और हिंदू धर्म को मानती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उन कट्टरपंथी विचारधाराओं या फिजूल की बातों को नहीं मानतीं जो समाज में भ्रम पैदा करती हैं। आपको बता दें कि तमन्ना मलिक तुलसी कल संभल के नैमिषारण्य प्राचीन क्षेमनाथ तीर्थ मंदिर पर जलाभिषेक करेंगी, फिलहाल पुलिस ने अपनी सुरक्षा में उन्हें उनके गांव तक पहुंचाया है और मंदिर पर उनके स्वागत की तैयारी की जा रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *