गुटखे का दाम बढ़ा तो आया गुस्सा, कट्टा निकालकर दुकानदार को युवक ने धमकाया

गुटखे का दाम बढ़ा तो आया गुस्सा, कट्टा निकालकर दुकानदार को युवक ने धमकाया

MP News: ग्वालियर में दिनदहाड़े दहशत फैलाने की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मुरार थाना क्षेत्र के लाल टिपारा इलाके में गुटखा के दाम को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में हथियार की नोक तक पहुंच गया। दुकानदार द्वारा कीमत कम करने से इनकार करने पर एक युवक ने कमर से कट्टा निकालकर सीधे उसकी ओर तान दिया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग सन्न रह गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

गुटखा के दाम पर बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचा था। उसने गुटखा खरीदा, लेकिन भुगतान के समय दाम कम करने का दबाव बनाने लगा। दुकानदार ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

कट्टा तानकर दी जान से मारने की धमकी

विवाद बढ़ता देख दुकानदार अपनी जान बचाने के लिए दुकान के अंदर चला गया। इसी दौरान आरोपी आपा खो बैठा और कमर से कट्टा निकालकर दुकान की ओर तान दिया। उसने खुलेआम जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से आसपास मौजूद लोग भयभीत हो गए।

वीडियो वायरल, पुलिस हरकत में

दुकानदार ने हिम्मत दिखाते हुए दुकान के अंदर से ही मोबाइल पर पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया।

आरोपी की तलाश जारी

सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि यह घटना मुरार थाना क्षेत्र की है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी को फरियादी के बयान दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था बनी रहे। (MP News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *