MP News: मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में प्रोजेक्ट चीता के तहत एक और महत्वपूर्ण चरण शुरू होने जा रहा है। आगामी 28 फरवरी को बोत्सवाना से 8 चीते यहां लाए जाएंगे। इसको लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार को अपर कलेक्टर रूपेश उपाध्याय ने कूनो-पालपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हेलिकॉप्टर ट्रायल और प्रशासनिक तैयारियां
चीतों के आगमन से पहले रविवार को वायुसेना के हेलिकॉप्टर की ट्रायल लैंडिंग कराई जाएगी। इन्हीं हेलिकॉप्टरों के माध्यम से ग्वालियर से चीतों को कूनो तक पहुंचाया जाएगा। प्रस्तावित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव के शामिल होने की संभावना है। अपर कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल और हेलिपैड की तैयारियों की समीक्षा की तथा पहले से बने पांच हेलीपेड को दुरुस्त करने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए। इस दौरान एसडीएम कराहल भी मौजूद रहे।
ग्वालियर से तीन हेलिकॉप्टरों में आएंगे चीते
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोत्सवाना से विशेष विमान द्वारा चीते पहले ग्वालियर एयरपोर्ट लाए जाएंगे। वहां से वायुसेना के तीन हेलिकॉप्टरों के जरिए उन्हें कूनो नेशनल पार्क पहुंचाया जाएगा। यहां अतिथियों की मौजूदगी में चीतों को क्वारंटीन बाड़ों में छोड़ा जाएगा, जहां उनकी स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी।
पहले भी हो चुका है अंतरराष्ट्रीय स्थानांतरण
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर 2022 को नामीबिया से 8 और 18 फरवरी 2023 को दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते कूनो लाए गए थे। वर्तमान में कूनो में कुल 27 चीते हैं। बोत्सवाना से 8 और चीतों के आने के बाद यह संख्या बढ़कर 35 हो जाएगी, जो भारत में चीतों के पुनर्वास की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। (MP News)


