इंदौर के मुराई मोहल्ले में धंसा मकान, बाल-बाल बचे लोग:भाजपाई-कांग्रेसी हुए आमने-सामने; पुलिस ने दोनों दलों को कराया अलग

इंदौर के मुराई मोहल्ले में धंसा मकान, बाल-बाल बचे लोग:भाजपाई-कांग्रेसी हुए आमने-सामने; पुलिस ने दोनों दलों को कराया अलग

इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र के मुराई मोहल्ले में शनिवार रात एक मकान धंस गया। घटना से कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मकान खाली था और कोई जनहानि नहीं हुई। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर निगम और एमपीईबी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घटना के बाद कांग्रेसी और भाजपाई आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। विवाद की स्थिति बनती देख पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया। पार्षद पति सुमित तलरेजा ने एक कांग्रेस नेता की गुमटी के कारण हादसा होना बताया है, वहीं नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने ड्रेनेज लाइन के काम के दौरान जेसीबी का पंजा लगने की वजह से हादसा होने की बात कही है। वे सोमवार को इस मामले में निगमायुक्त से चर्चा कर शिकायत करेंगे। अचानक धंस गया मकान शनिवार रात मुराई मोहल्ले में एक मकान अचानक धंस गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम और एमपीईबी की टीम मौके पर पहुंची। घटना के बाद एहतियातन इलाके की बिजली बंद कर दी गई और धंसे मकान को तोड़कर हटाने का काम शुरू किया गया। पुलिस ने स्थिति संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी। भाजपाइयों-कांग्रेसियों के बीच बनी विवाद की स्थिति पार्षद पति सुमित तलरेजा ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिल्डिंग के पास कांग्रेस नेता की गुमटी लगी हुई थी, जिसके कारण नाली चोक हो गई थी। पानी के निकास का रास्ता नहीं था। इस वजह से पानी रिसता रहता था और मकान की नींव कमजोर हो गई थी। उन्होंने कहा कि यहां खुले नाले में पाइप डालना था। हम उसे डालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस नेता लाइन डालने नहीं दे रहा था। पीछे लाइन डलने लगी तो कुछ रहवासी आए और कहा कि यहां भी लाइन डालो। जब यहां लाइन डालने पहुंचे तो वहां तीन मकान थे, जहां कोई नहीं रहता था। पार्षद पति ने कांग्रेस के शेलू सेन पर आरोप लगाया है। चिंटू चौकसे बोले- ड्रेनेज लाइन के काम के दौरान जेसीबी का पंजा लगा नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि नगर निगम जिस तरह से ड्रेनेज लाइन डालने का काम कर रही थी, उसी दौरान जेसीबी का पंजा मकान पर लग गया और गड्ढा ज्यादा हो गया, जिसकी वजह से मकान ध्वस्त हो गया। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत यह हादसा नगर निगम की लापरवाही के कारण हुआ है। ईश्वर की कृपा रही कि बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि वहां कोई रह रहा होता तो घटना किस स्तर की होती और कितने लोगों की जान जाती, यह समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि एक बार फिर इंदौर नगर निगम ने महापौर के नेतृत्व में साबित कर दिया है कि लापरवाही किस तरह चरम सीमा पर है। सोमवार को इसकी शिकायत निगमायुक्त से की जाएगी। जिन्होंने लाइन डाली है, उन पर कार्रवाई कराई जाएगी। मैन्युअली चल रहा था लाइन का काम नगर निगम जोन 11 के भवन अधिकारी गीतेश तिवारी ने बताया कि मुराई मोहल्ले में ड्रेनेज और दूषित पानी की समस्या बनी रहती थी, जिसके कारण यहां काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां काम मैन्युअली किया जा रहा है, क्योंकि जेसीबी चलाने की जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि ध्वस्त मकान के तीन मालिक हैं। घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। फिलहाल उपलब्ध संसाधनों से यहां कार्रवाई की जा रही है।
दोनों पार्टियों के लोगों को अलग-अलग किया एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि मुराई मोहल्ले में एक मकान गिर गया है। यह राकेश गर्ग का मकान है। साइड में नरेश मोदी का मकान भी है, जो इसकी चपेट में आया है। मौके पर पुलिस और नगर निगम की टीम मौजूद है। उन्होंने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई है। मलबा हटाया जा रहा है, ताकि लोगों को परेशानी न हो। आसपास जो लोग रह रहे थे, उन्हें एहतियातन हटा दिया गया है। भाजपा और कांग्रेस के पदाधिकारी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे, जिन्हें अलग-अलग कर दिया गया है। सभी तथ्य हमारे संज्ञान में हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *