Jaipur Road Accident: 1000 किमी की थकान बनी मौत का सफर, एक झपकी से 5 जिंदगियों का सफर खत्म

Jaipur Road Accident: 1000 किमी की थकान बनी मौत का सफर, एक झपकी से 5 जिंदगियों का सफर खत्म

Jaipur Road Accident: जबलपुर से उज्जैन होते हुए खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन को निकले 5 श्रद्धालुओं के लिए 1000 किलोमीटर से अधिक की लगातार ड्राइव मौत का सफर बन गई। तेज रफ्तार, थकान और झपकी की आशंका ने ऐसा हादसा कराया, जिसने पांच परिवारों को उजाड़ दिया। जयपुर के नजदीक चाकसू में हुए हादसे से हड़कंप मच गया।

ये है पूरा घटनाक्रम

जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर चाकसू के नजदीक शनिवार अल सुबह कार बजरी से भरे ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में महिला समेत 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक भीलवाड़ा निवासी सत्यनारायण को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव चाकसू मोर्चरी में रखवाए है जहां परिजनों के आने के बाद उनका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।

खाटूश्यामजी दर्शन की इच्छा रह गई अधूरी

पुलिस के अनुसार कार सवार मध्यप्रदेश के जबलपुर से गुरुवार को निकले थे। पहले उज्जैन गए और वहां से खाटूश्यामजी के लिए रवाना हुए। चाकसू बायपास पर टिगरिया मोड़ के पास आगे चल रहे ट्रेलर में कार जा घुसी। थानाधिकारी मनोहरलाल ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि लंबी दूरी तय करने के कारण चालक को झपकी आई और कार अनियंत्रित हो गई।

सभी पड़ोसी थे, साथ निकले थे यात्रा पर

हादसे में शानू सूकरवार (25), अनुराग रजक (27), पीयूष राय (26), राहुल रजक (27) और रेशमा श्रीवास्तव (54) निवासी जबलपुर (मध्यप्रदेश) की मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार सभी पड़ोसी थे और श्रद्धा भाव से यात्रा पर निकले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *