भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क में स्थित ड्रीम ऑन कंपनी में शटर उचकाकर चोरी की वारदात सामने आई है। तड़के करीब 5 बजे पांच महिलाओं ने मिलकर आउटलेट में घुसकर 32, 43 और 55 इंच की तीन एलईडी टीवी चोरी कर लीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत 47,470 रुपए बताई गई है। कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत प्रवेश सेन ने पुलिस को बताया कि 12 फरवरी की रात करीब 8.30 बजे ऑफिस बंद कर वे घर चले गए थे। 13 फरवरी की सुबह 10 बजे जब कार्यालय पहुंचे तो दीवार पर लगी तीनों एलईडी टीवी गायब थीं। आसपास तलाश के बाद संचालक सुधीर गुप्ता को सूचना दी गई।
शटर के नीचे से अंदर घुसी महिला सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि चार महिलाओं ने शटर को नीचे से खींचकर बीच में जगह बनाई और एक महिला को अंदर धकेला। शटर पूरी तरह नहीं खुलने पर भी आरोपी महिला छोटे से गैप से भीतर घुस गई। अंदर से उसने 55, 43 और 32 इंच की टीवी बाहर खड़ी महिलाओं को पकड़ा दीं। इसके बाद सभी ने टीवी को बोरियों में रखा और मौके से फरार हो गईं। फुटेज में चेहरों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पा रही है, जिससे जांच में दिक्कत आ सकती है। पहले भी हो चुकी है चोरी, गश्त बढ़ाने की मांग कंपनी प्रबंधन के अनुसार, इससे पहले भी तीन एलईडी टीवी चोरी हो चुकी हैं। आसपास की अन्य कंपनियों में भी इसी तरह की वारदातें सामने आ रही हैं। कारोबारियों ने औद्योगिक क्षेत्र में नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। गांधी नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।


