मंडला में जिला प्रशासन के आयोजित मिलेट फूड फेस्टिवल में शनिवार रात एक बुक स्टॉल पर आपत्तिजनक पुस्तकें बेचे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस मामले के सामने आते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे संगठनों का कहना है कि स्टॉल पर ऐसी पुस्तकें रखी गई थीं, जिनकी सामग्री हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक है। उनका आरोप है कि इस तरह की किताबें बेचकर समाज में आपसी भाईचारा बिगाड़ने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश की जा रही थी। थाने में प्रदर्शन और कार्रवाई की मांग मामले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कोतवाली थाने जमा हो गए और जमकर नारेबाजी की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। सुरक्षा के इंतजाम और माहौल घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए कोतवाली थाना परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।


