Ahmedabad. स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने मोरबी जिले के मालिया-मियाणा क्षेत्र में भीमासर चार रास्ते के पास एक पेट्रोल पंप की पार्किंग में दबिश देकर शराब से भरे ट्रक को जब्त किया। ट्रक से 1.38 करोड़ रुपए कीमत की विदेशी शराब की 19068 बोतलें बरामद हुईं। इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों ही राजस्थान के मूल निवासी हैं जो चालक व क्लीनर बताए जाते हैं वहीं अन्य चार आरोपी फरार हैं। ट्रक व अन्य सामान सहित कुल 1.63 करोड़ का मुद्दामाल जब्त किया गया।
पकड़े गए आरोपियों में विक्रम सिंह चौहान राजस्थान के बीकानेर जिले के नलबारी का मूल निवासी है वहीं कमल किशोर मारू भी राजस्थान का रहने वाला है। चार फरार आरोपियों में राजस्थान के बाड़मेर जिले की रामसर तहसील के चांडी गांव का निवासी व मुख्य सप्लायर रमेश जाट ,हनुमानगढ़ जिले के नोहर गांव का बलवीर जाट, सांचोर का जब्बर बिश्नोई और कच्छ जिले के सामख्याली में इस शराब को मंगाने वाला अज्ञात व्यक्ति तथा पंजाब के बठिंडा में शराब भरे ट्रक को चालक को देने वाला आरोपी और ट्रक मालिक शामिल हैं।
बठिंडा से सामख्याली ले जाई जा रही थी शराब
प्राथमिक जांच में सामने आया कि जब्त की गई शराब पंजाब के मोहाली, गुरदासपुर और बठिंडा जिले में मौजूद शराब की कंपनियों में बनी है। इसे आरोपियों ने पंजाब के बठिंडा से एक ट्रक में भरकर कच्छ जिले के सामख्याली पहुंचाने के लिए भेजा था।


