मनेन्द्रगढ़ में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) आरपी मिरे ने लेखा पर्यवेक्षक दिनेश प्रसाद शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की है। छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के तहत उनकी एक वेतनवृद्धि तुरंत रोक दी गई है। यह कार्रवाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मनेन्द्रगढ़ इकाई द्वारा सौंपे गए ज्ञापन के बाद की गई। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें संबंधित अधिकारी कार्यालय के अंदर टेबल पर पैर रखकर मोबाइल का उपयोग करते हुए दिखाई दिए थे। ABVP ने की थी कार्रवाई की मांग विद्यार्थी परिषद ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे शासकीय मर्यादा और कार्यसंस्कृति के विरुद्ध बताया था। उन्होंने त्वरित कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, एमसीबी ने जांच के बाद संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी किया। दोबारा गलती पर टर्मिनेट करने की चेतावनी नोटिस के जवाब से असंतुष्ट होने पर, DEO ने लेखा पर्यवेक्षक के खिलाफ एक वेतनवृद्धि रोकने का आदेश जारी किया। साथ ही, उन्हें सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि भविष्य में इस प्रकार का कृत्य दोबारा दोहराया जाता है, तो उनकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने इस कार्रवाई को छात्रहित और अनुशासन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग की गरिमा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए।


