इस बार खरीद के तत्काल बाद व्यापारियों को मिल जाएगी आधी आढ़त

इस बार खरीद के तत्काल बाद व्यापारियों को मिल जाएगी आधी आढ़त

हनुमानगढ़. जिले में गेहूं की सरकारी खरीद को लेकर खाद्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव अम्बरीश कुमार ने शनिवार को वीडियो कान्फ्रेसिंग के जरिए स्थानीय अधिकारियों व व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा की। कलक्ट्रेट सभागार में सभी अधिकारी व व्यापारी शामिल हुए। डीएसओ सुनील घोड़ेला ने बताया कि इस मौके पर व्यापारिक संगठनों ने सरकार की नई प्रक्रिया के तहत खरीद करने में सहयोग देने का आश्वासन दिया। कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, फूडग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन अध्यक्ष रामलाल किरोड़ीवाल, व्यापारी नेता पदम जैन, राजकुमार सोढ़ा, कृष्ण जैन आदि, मंडी समिति सचिव विष्णुदत्त शर्मा, सीएल वर्मा आदि मौजूद रहे। डीएसओ ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत हैंडलिंग कार्य इस बार व्यापारिक संगठनों को देने की तैयारी चल रही है। इस संबंध में रेट को लेकर जल्द सहमति बनने की संभावना है। इसके अलावा इस बार खरीद होने के बाद बिल बनने के साथ ही व्यापारियों को पचास प्रतिशत आढ़त शुल्क का भुगतान कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि हनुमानगढ़ जिले में इस बार पांच खरीद एजेसिंयों को अधिकृत किया गया है। इसमें तीस हजार एमटी से अधिक खरीद होने वाली मंडियों में एक से अधिक खरीद एजेंसियों को लगाया गया है। इसमें हनुमानगढ़ टाउन में 05, हनुमानगढ़ जंक्शन में 05, पीलीबंगा में 04, गोलूवाला व टिब्बी में 03-03, संगरिया व रावतसर में 04-04 खरीद एजेसिंयों को लगाया गया है। मंडी समिति हनुमानगढ़ के सचिव विष्णुदत्त शर्मा ने बताया कि खरीद की तैयारी शुरू कर दी गई है। इस संबंध में पंजीयन शुरू कर दिया गया है। मंडी में सभी तरह की व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। अभी तक करीब पांच हजार किसानों ने पंजीयन करवाया है।

अच्छे से करवाएं खरीद
वीसी के दौरान जिले के व्यापारियों ने पूर्व की तरह सवा दो प्रतिशत आढ़त देने की मांग रखी। वर्तमान में सरकार प्रति सैंकड़ा 41.50 रुपए के हिसाब से आढ़त दे रही है। इसे काफी कम बताकर व्यापारियों ने इस बार इसे बढ़ाने की मांग रखी। इसे लेकर प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि आप लोग खरीद अच्छी तरह से करवाएं। मैं आप लोगों के साथ मुख्य सचिव से मिलकर आढ़त बढ़वाने का प्रयास करूंगा।

66 खरीद केंद्र बनाए
हनुमानगढ़ जिले में इस बार 66 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। करीब आठ लाख एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य आवंटित किया गया है। खरीद को लेकर कुल पांच खरीद एजेंसियों को अधिकृत किया गया है। एफसीआई, एनसीसीएफ, नेफेड, तिलम संघ तथा आरएसएफसीएससी को शामिल किया गया है। जिले में वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं का एमएसपी 2585 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *