मातृ-पितृ पूजन: बेटियों ने लिखी भावुक पातियां, माता-पिता से की मतदान की अपील, 79 को मिली मुफ्त साइकिलें

मातृ-पितृ पूजन: बेटियों ने लिखी भावुक पातियां, माता-पिता से की मतदान की अपील, 79 को मिली मुफ्त साइकिलें

महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पुर में अनूठा आयोजन

श्रेष्ठ पाती लिखने वाली 3 छात्राओं को नकद इनाम, 11 ने किया सार्वजनिक पूजन

मातृ-पितृ पूजन दिवस के अवसर पर शनिवार को जिले भर की सरकारी स्कूलों में आयोजन किए गए। इसके तहत पुर स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) में एक भावुक और प्रेरक नजारा देखने को मिला। यहां बेटियों ने अपने माता-पिता के प्रति अगाध प्रेम व सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें भावुक पातियां (पत्र) लिखीं और साथ ही लोकतंत्र के पर्व में भागीदारी निभाते हुए अनिवार्य रूप से मतदान करने की मार्मिक प्रार्थना की। इस समारोह में 79 बालिकाओं को नि:शुल्क साइकिलें वितरित कर उनकी शिक्षा और सपनों को नई उड़ान दी गई।

गुब्बारों से सजी साइकिलें, तिलक लगाकर दिया सम्मान

साइकिल वितरण प्रभारी भावना शर्मा और शारीरिक शिक्षक मीना सिंघवी के निर्देशन में साइकिलों को गुब्बारों से आकर्षक रूप से सजाया गया था। बालिकाओं को तिलक लगाकर पूरे सम्मान के साथ साइकिलें सौंपी गईं तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में एक अनूठा पल तब आया जब 11 बालिकाओं ने विद्यालय परिसर में सबके सामने अपने माता-पिता का विधि-विधान से पूजन कर उनका आशीर्वाद लिया। वहीं, माता-पिता को सबसे श्रेष्ठ और भावुक पाती लिखने वाली तीन बालिकाओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

जीवन भर करें माता-पिता का सम्मान

कार्यक्रम में एसडीएमसी में नवरतन पानगड़िया, सत्यनारायण जोशी एवं एसएमसी अध्यक्ष गोविंद व्यास मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेम शंकर जोशी ने की। अतिथियों ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन भर अपने माता-पिता का सम्मान करें और शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए इन साइकिलों का अधिकतम उपयोग करें। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता लता परिहार व अध्यापक राजेश कुमार शर्मा ने किया। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के कुलदीप सिंह, संगीता व्यास, अनिल चौधरी, उमेश मेहता, सपना बलाई, बैनाथ बेरवा, अक्षय विश्नोई, घीसीबाई और सुनीता का सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *