झालावाड़ के सिपाही की शादी में शामिल हुए तस्कर समेत 8 अपराधी, एसपी ने किया सेवा से बर्खास्त

झालावाड़ के सिपाही की शादी में शामिल हुए तस्कर समेत 8 अपराधी, एसपी ने किया सेवा से बर्खास्त

झालावाड़ जिले के भालता थाने में कार्यरत एक सिपाही को अपनी शादी में मादक पदार्थ तस्करों को बुलाना भारी पड़ गया। तस्करों के साथ फोटो व वीडियो वायरल होने के बाद सिपाही को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा।

नागौर में गत दो फरवरी को झालावाड़ में पदस्थापित एक सिपाही की शादी में मादक पदार्थ तस्कर समेत आठ अपराधी शामिल हुए। इसका वीडियो और फोटो सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सिपाही अशोक विश्नोई को बर्खास्त कर दिया।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि भालता थाने में तैनात सिपाही अशोक विश्नोई मूलतः नागौर का रहने वाला है। गत एक और दो फरवरी को नागौर में उसकी शादी के कार्यक्रम थे। इस कार्यक्रम में झालावाड़ और मध्यप्रदेश के कई मादक पदार्थ तस्कर शामिल हुए। इनमें झालावाड़ का पप्पू तंवर उर्फ टोल, दुर्गालाल उर्फ दुर्गाशंकर तंवर, रमेश तंवर, रामगोपाल तंवर, रामबाबू ,अतीक मोहम्मद, मांगीलाल भील और चैन सिंह तंवर शामिल है।

नोट लुटाते हुए वीडियो वायरल हुआ

एसपी ने बताया कि अशोक की शादी में इन अपराधियों ने जहां डांस किया, वहीं संगीत कार्यक्रम में डांसर पर खूब नोट बरसाए। इसके फोटो और वीडियो वायरल हो गए। इन फोटो और वीडियो की पिड़ावा पुलिस उप अधीक्षक से जांच करवाई गई तो मामला सही पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को अशोक विश्नोई को सेवा से बर्खास्त कर दिया। अशोक दिसम्बर 2015 में सिपाही भर्ती हुआ था।

कई प्रकरण दर्ज

पुलिस अधीक्षक के अनुसार पप्पू तंवर के खिलाफ 6, रामबाबू और अतीक के खिलाफ 5-5, मांगीलाल के खिलाफ 4, रमेश के खिलाफ 2 और अन्य के खिलाफ एक- एक प्रकरण दर्ज है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *