डिप्टी कमिश्नर के भाई को बांका से काटकर मार डाला, मरने से पहले बोला- मेरे भाई को आ जाने दो

डिप्टी कमिश्नर के भाई को बांका से काटकर मार डाला, मरने से पहले बोला- मेरे भाई को आ जाने दो

हरदोई : मथुरा में तैनात डिप्टी कमिश्नर (उद्योग) के छोटे भाई की शनिवार तड़के उनके पैतृक गांव में घर के भीतर घुसकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने धारदार हथियार (बांका) से हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक ने दम तोड़ने से पहले कथित तौर पर हमलावरों के नाम भी बताए। पुलिस ने एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सुबह 5 बजे घर में घुसकर हमला

जानकारी के मुताबिक, मुड़रामऊ गांव निवासी 35 वर्षीय विजय प्रताप पर सुबह करीब 5 बजे हमला हुआ। शोर सुनकर मां गोमती (78) और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो विजय खून से लथपथ आंगन में पड़े थे। पड़ोसियों ने तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विजय ने कहा कि वह जिंदा हैं और पहले अपने बड़े भाई के आने की बात कही। घायल अवस्था में ही उन्होंने गांव के इंद्रपाल और उसके दो साथियों पर साजिश के तहत हमला करने का आरोप लगाया।

विजय को पहले पाली सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। करीब दो घंटे इलाज के बाद उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पहले भी हो चुकी है पिता की हत्या

परिवार के अनुसार, जून 2023 में विजय और डिप्टी कमिश्नर के पिता दयाराम (75) की भी धारदार हथियार से हत्या हुई थी। तब भी मृतक ने मरने से पहले हमलावरों के नाम बताए थे। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

पुलिस ने तलाशने शुरू किए CCTV फुटेज

मथुरा में पिछले 10 वर्षों से तैनात डिप्टी कमिश्नर रामेंद्र कुमार का पैतृक घर हरदोई से करीब 45 किलोमीटर दूर स्थित है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।

एएसपी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि युवक ने मरने से पहले हमलावरों के नाम बताए हैं। एक नामजद आरोपी इंद्रपाल को हिरासत में लिया गया है, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *