संभल में कांवड़ मार्ग की बदहाल सड़क पर प्रदर्शन:ग्रामीणों ने तत्काल सफाई और मरम्मत की मांग की, दी चेतावनी

संभल में कांवड़ मार्ग की बदहाल सड़क पर प्रदर्शन:ग्रामीणों ने तत्काल सफाई और मरम्मत की मांग की, दी चेतावनी

संभल के ग्राम सीतापुरी से सरायतरीन जाने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग की जर्जर हालत और सड़क किनारे लगे गंदगी के ढेरों से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क की तत्काल साफ-सफाई और मरम्मत की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख रास्ता होता है। इसी रास्ते से कांवड़ यात्री जल लेकर प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जाते हैं। इसके बावजूद सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और दोनों ओर गंदगी के बड़े-बड़े ढेर लगे हैं, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क की बदहाल स्थिति के संबंध में पूर्व में उपजिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया गया था। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सड़क की दोनों ओर की सफाई और मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया जाता, तब तक वे कांवड़ चढ़ाने नहीं जाएंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रदर्शन में राधेश्याम, सोमपाल, मोहनलाल, नरेश, रविकांत मदन, गोपी, इंद्रपाल प्रधान बबलू, मुकेश, उदय पाल, सुंदरलाल, जयप्रकाश, भगवान दास, रोहतास, मनोज, अशोक, शंकर, अरविंद सैनी, राजू डीलर, डॉ. ओम प्रकाश, विजय पाल, नन्हे प्रधान, पवन, दयाराम और धर्मपाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *