हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 फरवरी को तावड़ू की अनाज मंडी में ‘विकसित सोहना-तावड़ू विधानसभा रैली’ को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सोहना और नूंह क्षेत्र से संबंधित 46.85 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रशासन ने रैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री रैली से पहले 25.58 करोड़ रुपये की पांच प्रमुख परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इनमें 10 गांवों में पुस्तकालयों का निर्माण, नूंह में जिला लाइब्रेरी सह एक्सीलेंस सेंटर, सीईओ एमडीए का आवासीय परिसर, मकबरा परिसर का संरक्षण और गांव झामुवास में स्टेडियम का पुनर्विकास कार्य शामिल हैं। रैली के दौरान लगभग 21.27 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। इनमें 25 स्कूलों में खेल मैदान, अरावली क्षेत्र में जल संचयन संरचनाएं, 40 स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों में हाइब्रिड सोलर प्लांट, मढ़ी (नगीना) में नीट/जेईई कोचिंग सेंटर, स्कूलों में फेशियल बायोमेट्रिक सिस्टम, एचएलजी कॉलेज तावड़ू में नए कक्ष, अटल किसान कैंटीन, कन्या विद्यालय भवन, तालाब निर्माण, सोहना फव्वारा चौक का सौंदर्यीकरण और सेजावास में बूस्टिंग सिस्टम प्रमुख हैं। रैली स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं की पुख्ता तैयारी उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि रैली स्थल को चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। मुख्य मंच के अतिरिक्त एक वीआईपी स्टेज भी बनाया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। विधायक तेजपाल तंवर ने रैली को बताया ऐतिहासिक स्थानीय विधायक तेजपाल तंवर ने इस रैली को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री का स्वागत करने पहुंचेंगे। इस रैली के माध्यम से क्षेत्र को विकास की नई दिशा मिलने की उम्मीद है।


