नहर से अज्ञात का शव मिला:मैनपुरी में 5 किमी दूर पुल के नीचे मिला शव, मगरमच्छों के बीच सर्च ऑपरेशन

नहर से अज्ञात का शव मिला:मैनपुरी में 5 किमी दूर पुल के नीचे मिला शव, मगरमच्छों के बीच सर्च ऑपरेशन

मैनपुरी के कुर्रा थाना क्षेत्र में तखरऊ नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने एक्सप्रेसवे की ओर बिलंदा पुल के नीचे नहर में एक अर्धनग्न शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर मोर्चरी भिजवा दिया। शव के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं, हालांकि अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की है, जब तखरऊ नहरपुर से एक अज्ञात व्यक्ति ने नहर में छलांग लगा दी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसे बचाने के लिए पुलिस के कहने पर मछुआरा राजू भी नहर में कूद गया था। इसके बाद से दोनों लापता हो गए थे। पिछले दो दिनों से एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। शनिवार को मिला शव उसी अज्ञात व्यक्ति का होने की आशंका जताई जा रही है, जिसने नहर में छलांग लगाई थी। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव मिलने के बावजूद मछुआरा राजू का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि नहर में मगरमच्छों की मौजूदगी है, जिससे तलाशी अभियान में बाधा आ रही है। शुक्रवार को पुलिस ने नहर का पानी भी कम कराया था, लेकिन पानी घटने के बाद राजू का कोई पता नहीं चला, बल्कि कई मगरमच्छ दिखाई देने लगे। इसके बाद वाइल्ड लाइफ एसओएस की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। राजू का दो दिन से कोई पता न चलने के कारण उसके परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर डटे हुए हैं और प्रशासन से राजू का जल्द पता लगाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखा है, जबकि एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य टीमें राजू की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *