14 फरवरी को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों की स्मृति में कोटा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। बोरखेड़ा रोड स्थित देवली अरब ओखलिया भेरूजी मंदिर परिसर में युवाओं की टीम द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, स्टूडेंट्स और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ सड़क से गुजरने वाले राहगीरों ने भी शहीदों को नमन करते हुए रक्तदान किया। आयोजन के दौरान कुल 101 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया, जिसे सरकारी एवं निजी ब्लड बैंकों के माध्यम से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और अन्य जरूरतमंद मरीजों के लिए भेजा गया। कार्यक्रम को लेकर ब्रिगेडियर भूपेश सिंह ने युवाओं की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति में किया गया यह कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है। ब्रिगेडियर ने युवाओं को धन्यवाद देते हुए शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कोटा ग्रामीण के सांगोद क्षेत्र में पुलवामा हमले में शहीद हेमराज मीणा के गांव में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शहीद के गांव विनोद कला पहुंचे। मंत्री नागर ने वीरांगना के साथ शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सर्व ब्राह्मण समाज और सामाजिक संस्थाओं द्वारा एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। राधिका रिजॉर्ट, थेकड़ा में हुए आयोजन में शहीदों के परिजनों और सेना के जांबाज अधिकारियों का सम्मान किया गया। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 173 यूनिट रक्त संग्रह हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों ने देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स, नेशनल कैडेट क्रॉप्स और भारत स्काउट एंड गाइड के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर शहीदों को नमन किया।


