सागर में शादी समारोह के दौरान गोली लगने से हुई बैंड वादक की मौत के मामले में अखिल भारतीय धानक समाज संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। संगठन ने रविवार को पूरे सागर जिले में बैंड बंद (हड़ताल) रखने का ऐलान किया है। उन्होंने मृतक विवेक बंसल के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। वारदात के विरोध में समाज ने रविवार को शहर समेत पूरे सागर जिले में बैंड बंद रखने का आह्वान किया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि रविवार को समाज के लोग मृतक विवेक को कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि देंगे। इस दौरान जिले में कोई भी बैंड पार्टी शादी या अन्य किसी कार्यक्रम में बैंड नहीं बजाएगी। पिस्टल लहराते हुए आए थे आरोपी ज्ञापन में बताया गया कि 12 फरवरी को मयंक सोनी के परिवार में शादी का ऑर्डर था। श्रीराम धमाल वालों की 16 सदस्यीय टीम वहां बैंड बजाने पहुंची थी। जब बारात निकल रही थी, तभी गोलाकुआं के पास अनमोल सोनी, प्रशांत पटेल समेत अन्य लोग समूह में पिस्टल लहराते हुए आए। गाना बजाने की बात को लेकर विवाद हुआ और गोली मार दी गई। इस घटना में विवेक की मौत हो गई। परिवार का एकमात्र सहारा था विवेक समाज के लोगों ने बताया कि मृतक विवेक बंसल का परिवार आर्थिक रूप से बहुत कमजोर है। विवेक ही अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर संकट आ गया है। समाज में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो। ASP बोले- साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई एडिशनल एसपी लोकेश सिंहा ने समाज के लोगों को मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, “जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएं, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”


