करौली। कैलादेवी मार्ग स्थित ग्राम पंचायत करसाई के खोखनपुरा गांव में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। यहां पहाड़ी के पास बने एक छोटे तालाब में नहाने गई मां और उसकी 3 वर्षीय बेटी की पानी में डूबने से मौत हो गई। जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खोखनपुरा निवासी धर्मसिंह मीणा की पत्नी दिलकेशी (27) अपनी तीन वर्षीय पुत्री सृष्टि के साथ सुबह करीब 10 बजे घर से महज 50 मीटर दूर स्थित तालाब पर नहाने गई थीं। जब काफी देर तक वे घर नहीं लौटीं, तो परिजनों को चिंता हुई। तालाब पर जाकर देखने पर वहां सीढ़ियों पर कपड़े और चप्पल रखे मिले।
कपड़े व चप्पलें देख हुई अनहोनी की आशंका
सीढ़ियों पर कपड़े देख ग्रामीणों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद ग्रामीणों ने उनको तलाश करना शुरू किया। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी में मिले। जिनको बाहर निकाला गया। नहाते समय मासूम बालिका सृष्टि का पैर फिसल गया और वह पानी में चली गई। उसे बचाने के प्रयास में मां दिलकेशी ने हाथ बढ़ाया। इस दौरान वह भी पानी में चली गई। तैरना नहीं आने के कारण वह भी तालाब में डूब गई।
परिवार उजड़ने से पति व बेटा-बेटी बेहाल
हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतका के एक साढ़े चार साल की बेटी भूमिका और डेढ़ साल का बेटा भी है, जिनके सिर से मां का साया उठ गया। घटना के बाद पति व बेटा-बेटी बेहाल है। उनके आंसू नहीं थम रहे।
गांव में छाया शोक
मां-बेटी की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक छा गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं परिजनों को ढांढस बांधने के लिए लोगों का तांता लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। गमगीन माहौल में मां-बेटी का अंतिम संस्कार किया गया।


