हरियाणा के नारनौल में साइबर क्राइम थाना नारनौल की पुलिस टीम ने एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल के बैंक खाते से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है, जहां उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने उसके मोबाइल पर एटीएम पिन रीसेट करने और नेट बैंकिंग की ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाने संबंधी मैसेज भेजा। इसके बाद उसके एचडीएफसी बैंक खाते से करीब 4 लाख रुपये निकाल लिए गए। शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। कई जगह घुमाई रकम जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को एचपीसीएल के एक पेट्रोल कार्ड में ट्रांसफर किया गया था, जो राजस्थान के भरतपुर निवासी एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत था। यह कार्ड साइबर ठगों ने हैक कर रखा था, जिसकी शिकायत पहले से दर्ज थी। आरोपियों ने ठगी की रकम को पेट्रोल कार्ड के माध्यम से विभिन्न राज्यों में ट्रांसफर कर घुमाया, जिससे ट्रेस करना कठिन हो सके। कई जगह भेजी गई रकम पुलिस जांच में पता चला कि करीब 1.50 लाख रुपये की राशि नूंह-तावडू रोड, गुरुग्राम स्थित एक पेट्रोल पंप पर ट्रांसफर हुई थी। इसके अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के पेट्रोल पंपों पर भी रकम भेजी गई। पेट्रोल पंप के रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि यह राशि आरोपी अंजुम निवासी रनियाला खुर्द पलवल और उसके साथी के खाते में जमा हुई, जिसका उपयोग उन्होंने अपने वाहनों में ईंधन भरवाने के लिए किया। मोबाइल व सिमकार्ड बरामद साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और एक कार बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


