अहमदाबाद के असारवा से उदयपुर सिटी के बीच चलेगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

अहमदाबाद के असारवा से उदयपुर सिटी के बीच चलेगी नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन

16 को होगा शुभारंभ, नियमित सेवा 18 फरवरी से, मंगलवार को छोड़ सप्ताह में 6 दिन चलेगी

अहमदाबाद. अहमदाबाद के असारवा से उदयपुर सिटी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होगी। उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 09663) का शुभारंभ 16 फरवरी को होगा। यह ट्रेन उदयपुर सिटी से दोपहर 12.25 बजे प्रस्थान करेगी तथा शाम 6.15 बजे असारवा पहुंचेगी।
असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 26964) 18 फरवरी से रोजाना (मंगलवार को छोडकर) असारवा से शाम 5.45 बजे प्रस्थान करेगी तथा रात 10 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। इसी तरह, उदयपुर सिटी-असारवा वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नं. 26963) 18 फरवरी से रोजाना (मंगलवार को छोडकर) उदयपुर सिटी से सुबह 6.10 बजे प्रस्थान करेगी तथा सुबह 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी।

मुख्य ठहराव : हिम्मतनगर, डूंगरपुर, जावर

इस नई सुविधा से उदयपुर से अहमदाबाद का सफर होगा तेज, आरामदायक और यात्रियों को आधुनिक ट्रेन सफर का लाभ मिलेगा। मार्ग में दोनों दिशाओं में यह ट्रेन हिम्मतनगर, डूंगरपुर तथा जावर स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में 7 एसी चेयर कार और 1 एक्जीक्यूटिव एसी चेयर कार सहित कुल 8 कोच रहेंगे।

जयपुर, आगरा की ट्रेन बंद हुई

उदयपुर से जयपुर के बीच 15 फरवरी से और उदयपुर से आगरा के बीच 16 फरवरी से इस ट्रेन को रेलवे ने बंद करने का निर्णय लिया है। देशभर में चल रही 164 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में से बंद होने वाली यह दो ट्रेन हैं। अब इसे 16 फरवरी से उदयपुर-असारवा रूट पर चलाया जाएगा।

गुजरात से छठी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी

वर्तमान में गांधीनगर-मुंबई, अहमदाबाद-मुंबई, साबरमती-जोधपुर, अहमदाबाद-ओखा, साबरमती-वेरावल के बीच दौड़ रही है। असारवा-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गुजरात से छठी ट्रेन के रूप में चलेगी। गुजरात के यात्रियों को झीलों की नगरी उदयपुर तक की सुविधा उपलब्ध कराएगी। हाईस्पीड ट्रेन के शुरू होने से उदयपुर व अहमदाबाद के बीच व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की संभवना जताई जा रही है।

यह सुविधाएं

यह अत्याधुनिक ट्रेन रिक्लाइनिंग एवं आरामदायक सीटों, स्लाइडिंग दरवाजों, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, बायो-टॉयलेट, स्वचालित प्रवेश एवं निकास द्वार तथा सीसीटीवी कैमरों आदि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है। ट्रेन यात्रियों को विश्वस्तरीय आराम प्रदान करते हुए तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देगी। ट्रेन नं. 26964 की बुकिंग रविवार 15 फरवरी से सभी पीआरएस काउंटरों और आइआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *