IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारत और पाकिस्तान के बीच कोलंबो में टी20 वर्ल्डकप 2026 के ग्रुप स्टेज का मुकाबला खेला जाएगा।
India vs Pakistan, T20 World Cup 2026: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी को कोलंबो में भिड़ने के लिए तैयार हैं। मुकाबले से पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान खान ने पत्रकारों से बात की और अभिषेक शर्मा को लेकर बड़ा बयान दिया। आपको बता दें कि इस मुकाबले में अभिषेक शर्मा के खेलने की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में उनके इस मैच में खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
सलमान चाहते हैं अभिषेक खेलें
जब इस बारे में सलमान खान से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि वह इस मुकाबले में खेलें। हम चाहते हैं कि हमारा मुकाबला एक बेहतरीन टीम से हो। उनके पास अच्छे खिलाड़ी हैं। अभिषेक अच्छी तरह रिकवरी कर रहे हैं और उम्मीद है कि वह कल हमारे सामने मैदान पर उतरेंगे।”
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान की टीमें अब तक आठ बार आमने-सामने हो चुकी हैं, जिसमें से सात बार भारतीय टीम को सफलता मिली है, जबकि एक बार पाकिस्तान ने जीत हासिल की है। इसके अलावा इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों का प्रदर्शन अब तक एक जैसा ही रहा है। दोनों टीमों ने दो-दो मुकाबले खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है। दोनों ही टीमें सुपर 8 की प्रबल दावेदार हैं और यह मुकाबला जीतकर सुपर 8 का टिकट पक्का करना चाहेंगी।
कब और कहां देखें लाइव
यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से शुरू होगा, जो कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो स्टार और सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। इसके अलावा डीडी स्पोर्ट्स पर भी मैच का सीधा प्रसारण होगा। वहीं, patrika.com पर भी इस मैच से जुड़ी ताज़ा अपडेट्स पढ़ी जा सकती हैं।
Sports – Patrika | CMS


