Mahashivratri 2026: दक्षिण भारतीय सिनेमा के ‘थलाइवा’ रजनीकांत के लिए लोगों की दीवानगी किसी से छिपी नहीं है। अक्सर हम सुनते हैं कि फैंस ने उनके पोस्टर का दूध से अभिषेक किया या उनके नाम पर मंदिर बनवा दिया। लेकिन तमिलनाडु के मदुरै से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर आप भी दंग रह जाएंगे। ॉ
यहां रजनीकांत के एक परम भक्त ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव की जगह रजनीकांत की तस्वीर रखकर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। जैसे ही इसका वीडियो आया सोशल मीडिया पर बवाल मच गया। लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
रजनीकांत की फोटो पर फैन ने चढ़ाया दूध (Mahashivratri 2026 Rajinikanth Fan)
मदुरै के रहने वाले कार्तिक, रजनीकांत के बहुत बड़े फैन हैं। कार्तिक के घर में एक छोटा सा मंदिर है, जहां वह पिछले तीन सालों से महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा करते आ रहे हैं। इस साल की पूजा कुछ ज्यादा ही चर्चा में रही। कार्तिक ने पूजा के लिए रजनीकांत की उस तस्वीर का चुनाव किया, जिसमें वह अपनी सुपरहिट फिल्म ‘उजैप्पली’ (Uzhaippali) में भगवान शिव के गेटअप में नजर आ रहे हैं। कार्तिक का कहना है, “मेरे लिए रजनीकांत सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि आस्था और प्रेरणा का प्रतीक हैं। इसलिए मैं उन्हें भगवान की तरह पूजता हूं।”
50 साल पूरे होने पर 500 वड़ों की माला (Fan poured milk on Rajinikanth poster)
इस साल की पूजा कार्तिक और उनके परिवार के लिए इसलिए भी खास थी क्योंकि रजनीकांत ने भारतीय सिनेमा में अपने शानदार 50 साल पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए कार्तिक ने एक अनोखी मन्नत पूरी की। उन्होंने 500 ‘वड़ों’ (दक्षिण भारतीय व्यंजन) से बनी एक विशाल माला तैयार करवाई और उसे रजनीकांत की तस्वीर पर चढ़ाया। इस खास मौके पर कार्तिक के पड़ोसी और अन्य फैंस भी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर थलाइवा की लंबी उम्र की कामना की।
सोशल मीडिया पर भड़के लोग
सोशल मीडिया पर जैसे ही ये वीडियो आया लोग कमेंट करने लगे। एक यूजर ने लिखा, “हे भगवान। यहां बहुत सारे बेवकूफ हैं। इसे देखकर रजनीकांत भी हंसेंगे। एक और नेटिजन्स ने लिखा, “बंद करो भाई ये सब, ये ही लोग धर्म का मजाक उड़ाते हैं, ऊपर से ये सब, बेवकूफ। क्या जाहिल लोग हैं महादेव की जगह कोई नहीं ले सकता।” एक और नेटिजन्स ने ट्वीट किया, “इस बेवकूफ के पास भी हममें से किसी के जैसे ही वोटिंग राइट्स हैं। यह तुम्हारे लिए डेमोक्रेटिक है।”



‘जेलर 2’ का बेसब्री से इंतजार (Rajinikanth Jailer 2)
रजनीकांत के फैंस के लिए उत्साह की एक और बड़ी वजह उनकी आने वाली फिल्म ‘जेलर 2’ है। साल 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ के इस सीक्वल का निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं। फिल्म में रजनीकांत के साथ विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती और राम्या कृष्णन जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे।
इतना ही नहीं, फिल्म में मोहनलाल और शिव राजकुमार जैसे सुपरस्टार्स का कैमियो भी देखने को मिलेगा। ‘जेलर 2’ इसी साल 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। मदुरै से आई यह खबर साबित करती है कि रजनीकांत के लिए उनके फैंस का प्यार सात समंदर पार और हर सीमा से परे है।


