Shivratri Vrat Food List: महाशिवरात्रि का व्रत सिर्फ आस्था ही नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। सही तरीके से व्रत रखने से शरीर को डिटॉक्स करने, मेटाबॉलिज्म बेहतर करने और वजन संतुलित रखने में मदद मिलती है। लेकिन अगर व्रत के दौरान सही खानपान न रखा जाए, तो कमजोरी, एसिडिटी, डिहाइड्रेशन या थकान भी हो सकती है। इसलिए जरूरी है कि व्रत में संतुलित और पौष्टिक आहार लिया जाए। Maha Shivratri vrat me kya khana chahiye
डायटिशियन Divya Gandhi के अनुसार, महाशिवरात्रि व्रत में शरीर को एनर्जी देने वाले और आसानी से पचने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए।
महाशिवरात्रि व्रत में क्या खाएं? (Healthy Fasting Foods)
फल और तरल पदार्थ
व्रत के दौरान फल सबसे अच्छा विकल्प होते हैं। केला, सेब, अनार, पपीता और नारियल पानी शरीर को तुरंत ऊर्जा देते हैं और डिहाइड्रेशन से बचाते हैं। फलों में विटामिन, मिनरल और फाइबर भरपूर होता है, जिससे कमजोरी महसूस नहीं होती।
दूध और दूध से बने पदार्थ
दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी प्रोडक्ट्स प्रोटीन और कैल्शियम का अच्छा स्रोत हैं। ये लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं और शरीर को ताकत देते हैं। साथ ही इम्यूनिटी मजबूत करने में भी मदद करते हैं।
व्रत वाले आटे
सिंघाड़े और राजगीरा का आटा व्रत के दौरान बेहतरीन विकल्प हैं। ये ग्लूटेन-फ्री होते हैं, पचने में आसान होते हैं और शरीर को स्थिर ऊर्जा देते हैं। इनसे बनी रोटी या पराठा खाने से कमजोरी कम होती है।
हल्की सब्जियां
आलू और शकरकंद जैसी सब्जियां उबालकर या हल्का भूनकर खाई जा सकती हैं। इनमें कार्बोहाइड्रेट और फाइबर होता है, जो ऊर्जा बनाए रखने में मदद करता है। ध्यान रखें कि साधारण नमक की जगह सिर्फ सेंधा नमक ही इस्तेमाल करें।
हेल्दी स्नैक्स
साबूदाना, मखाना, बादाम, काजू और अखरोट जैसे ड्राई फ्रूट्स शरीर को हेल्दी फैट और प्रोटीन देते हैं। ये लंबे समय तक भूख नहीं लगने देते और शरीर को ताकत देते हैं।
व्रत में क्या नहीं खाना चाहिए? (Vrat mein kya nahi kha sakte hain)
- गेहूं, जौ, मक्का और दाल जैसे अनाज से परहेज करें।
- साधारण नमक, प्याज और लहसुन का सेवन न करें।
- तला-भुना और पैकेज्ड फूड (जैसे चिप्स) से दूर रहें।
- मांसाहार और शराब का सेवन बिल्कुल न करें।
हेल्थ टिप
व्रत के दौरान पर्याप्त पानी पिएं, ओवरईटिंग न करें और अगर कमजोरी या चक्कर आए तो तुरंत कुछ हल्का खा लें।


