Breaking News: मुंबई में मेट्रो का स्लैब गिरा, कई लोगों के दबने की खबर…ऑटो और कार चपेट में आई

Breaking News: मुंबई में मेट्रो का स्लैब गिरा, कई लोगों के दबने की खबर…ऑटो और कार चपेट में आई

Metro slab collapses: मुंबई में मेट्रो निर्माण स्थल पर स्लैब गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोगों के दबने की खबर है, जबकि कुछ के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं और मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

आपको बता दें कि मुंबई के मुलुंड (पश्चिम) इलाके में शनिवार दोपहर मेट्रो परियोजना के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एलबीएस रोड पर निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट से बना एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे से गुजर रहे एक ऑटो रिक्शा और कार पर गिर पड़ा। यह घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई बताई जा रही है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, करीब 12:20 बजे हादसे की जानकारी मिली, जिसमें ऑटो में सवार 3 से 4 लोगों के घायल होने की आशंका है। सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस, मेट्रो प्राधिकरण के कर्मचारी, वार्ड स्टाफ और 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया।

ठेकेदार और इंजीनियर को तलब

इस भयावह घटना को अपनी आंखों से देखने वाले लोगों का कहना है कि मेट्रो का स्लैब गिरने की वजह से एलबीएस रोड पर यातायात रुक गया था, जिसकी वजह से यहां पर ट्रैफिक जमा हो गया था। हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और यातायात को वैकल्पिक रास्तों से डायवर्ट किया गया, ताकि राहत और बचाव कार्य निर्बाध रूप से चल सके। प्रारंभिक पड़ताल में आशंका जताई जा रही है कि निर्माणाधीन पिलर की मजबूती पर्याप्त नहीं थी, हालांकि वास्तविक वजहों की पुष्टि विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेट्रो परियोजना से जुड़े इंजीनियरों और ठेकेदार कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटनास्थल पर तलब किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *