Traffic Relief Plan: राजस्थान के इस शहर में 4 प्रमुख सड़क मार्ग होंगे चौड़े, 3 हजार से अधिक दुकान-मकान अतिक्रमण की जद में

Traffic Relief Plan: राजस्थान के इस शहर में 4 प्रमुख सड़क मार्ग होंगे चौड़े, 3 हजार से अधिक दुकान-मकान अतिक्रमण की जद में

सीकर। शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए शहरी सरकार ने खाका तैयार कर लिया है। शहर के चार मार्ग की जोनल प्लान के हिसाब से चौड़ाई बढ़ाने के लिए नगर परिषद ने अधिसूचना जारी कर दी है। आमजन से सात दिन में आपत्ति मांगी है। इसके बाद नगर परिषद की ओर से शहर की सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू होगा।

इससे पहले सीकर नगर परिषद की राधाकिशनपुरा व मोचीवाड़ा क्षेत्र की सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने की कवायद शुरू की थी। इससे शहरवासियों की राहें सुगम होने पर नगर परिषद ने दूसरे क्षेत्रों की कवायद की है।

सूत्रों की माने तो चारों मार्ग पर तीन हजार से अधिक दुकान व मकान अतिक्रमण के दायरे में आएंगे। स्थानीय लोगों की ओर से लंबे अर्से से इन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की मांग की जा रही है। शहर के इन क्षेत्रों की चौड़ाई बढ़ने पर एज्युकेशन जोन के लोगों को भी राहत मिल सकेगी।

पत्रिका ने उठाया मुद्दा, मिलेगी लोगों को राहत

शहर में जोनल प्लान की अवहेलना का मुद्दा राजस्थान पत्रिका ने पिछले दिनों उठाया था। इसके बाद नगर परिषद ने शहर के प्रमुख मार्ग की चौड़ाई जोनल प्लान के हिसाब से विकसित करने का खाका तैयार किया है। यदि सब कुछ ठीक रहा हो तो होली से पहले यह कवायद शुरू होनी है।

1. पुलिस लाइन फाटक से झुंझुनूं बाईपास

    पुलिस लाइन फाटक से झुंझुनूं बाईपास को जोड़ने वाले इस मार्ग पर दिनभर जाम के हालात बने रहते है। सुबह व शाम के समय तो कई घंटे तक जाम लगा रहता है। नगर परिषद ने इस मार्ग की चौड़ाई 40 फीट करने की तैयारी कर ली है।

    2. रामपुरा रोड: अब होगी 60 फीट, मिलेगी राहत

      पोलोग्राउण्ड इलाके से बीकानेर बाईपास जाने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी। जोनल प्लान के हिसाब से यह मार्ग 60 फीट किया जाएगा। इलाके की सड़क की चौड़ाई 40 व 60 फीट के पेंच की वजह से मामला उलझा हुआ था।

      3. एज्युकेशन जोन से झुंझुनूं बाईपास

        एज्युकेशन जोन से झुंझुनूं बाईपास को जोड़ने वाली इस सड़क को भी जोनल प्लान के हिसाब से 40 फीट किया जाएगा। इससे इलाके के लोगों के साथ विद्यार्थियों को भी फायदा मिल सकेगा।

        4. बसंत विहार से सहकारी समिति

          जयपुर रोड स्थित आईटीआई काॅलेज के सामने से बसंत विहार होते हुए सहकारी समिति कार्यालय तक की सड़क 40 फीट की होनी है। इस मार्ग के 40 फीट का होने से बजरंग कांटा व डिपो तिराहे के जाम से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।

          टॉपिक एक्सपर्ट….

          शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए जोनल प्लान के हिसाब से सम्पर्क सड़कों को विकसित किया जाना है। राधाकिशनपुरा की तर्ज पर शहर के अन्य चार मार्ग का चयन किया है। आमजन की आपत्ति दर्ज होने के बाद आवागमन की राहों को सुगम बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
          शशिकांत शर्मा, नगर परिषद आयुक्त, सीकर

          ​ 

          Leave a Reply

          Your email address will not be published. Required fields are marked *