शाजापुर के लालघाटी थाना क्षेत्र में जेवरात चोरी के एक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और बेटी के दोस्त सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। चोरी गए जेवरात की कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी योगेश बोरासी ने बताया कि 30 नवंबर 2025 को उनका पूरा परिवार एक शादी समारोह में बाहर गया था। इस दौरान घर की एक चाबी परिवार के पास थी, जबकि दूसरी चाबी बिजली मीटर के ऊपर छिपाई गई थी। दीवान बेड से नकदी-जेवर चोरी, 4.80 लाख का नुकसान 4 फरवरी 2026 को, तिलावद गोविंद क्षेत्र में जमीन खरीदने की योजना के तहत जब फरियादी ने घर में रखी रकम देखने के लिए दीवान बेड खोला, तो नकदी और जेवरात गायब मिले। चोरी हुए सामान में सोने का पेंडल, अंगूठी, चेन, मंगलसूत्र, चूड़ियां, कान के टॉप्स, मोती और चांदी का कड़ा शामिल है, जिनकी शुरुआती अनुमानित कीमत करीब 4.80 लाख रुपए बताई गई थी। फरियादी ने अपनी रिपोर्ट में आशंका जताई थी कि चोरी उनकी बेटी के मित्र निखिल योगी ने की होगी, जिसका घर पर आना-जाना था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर निखिल योगी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया तीन हिरासत में, 30 लाख के चोरी माल की आशंका लालघाटी थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए निखिल योगी के अलावा चेतन और सोमवरिया बाजार के कारीगर वरुण बंगाली को भी हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी का माल विभिन्न व्यापारियों को बेचा गया है, जिसकी कुल कीमत 20 से 30 लाख रुपए तक होने का अनुमान है। इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। टीआई बोले- मुख्य आरोपी सहित दो साथी हिरासत में लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। निखिल योगी से पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के नाम बताए हैं, जिन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने जानकारी देते बताया कि फरियादी की शिकायत पर शुक्रवार रात को आरोपी निखिल योगी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।


