बलिया में महाशिवरात्रि की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। रविवार को मनाए जाने वाले इस पर्व के लिए श्री बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर प्रबंध समिति पूरी तरह से मुस्तैद है। समिति के अध्यक्ष बरमेश्वर गिरी ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात 1 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। अध्यक्ष बरमेश्वर गिरी ने शिव भक्तों को रविवार शाम 4 बजे से बाबा बालेश्वर नाथ की पालकी यात्रा यानि भव्य बारात में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। यह पालकी शहर का भ्रमण करेगी। वाराणसी से आए कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिसमें कथक नृत्यांगना ममता टंडन अपनी टीम के साथ कथक नृत्य प्रस्तुत करेंगी। महाशिवरात्रि के अवसर पर रात 12 बजे भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद, दिन में सुबह 10 बजे से ‘भतवान’ (शादी बारात से पहले का भोज) का आयोजन होगा। रात 9 बजे भंडारा और प्रसाद वितरण किया जाएगा। श्री बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष बरमेश्वर गिरी ने शिव भक्तों से अपील की है कि मंदिर परिसर में दीपक या अगरबत्ती जलाना सख्त मना है। उन्होंने भक्तों से केवल जल, फूल और बेलपत्र से जलाभिषेक कर दर्शन करने और तुरंत बाहर निकलने का आग्रह किया है, ताकि अन्य भक्त भी आसानी से दर्शन कर सकें। बरमेश्वर गिरी ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि जिला प्रशासन पूरी तरह से सहयोग कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी उपद्रवी द्वारा अराजकता फैलाने की कोशिश की गई, तो जिला प्रशासन निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई करेगा।


