जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को नगर आयुक्त साई तेजा और डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य के साथ शिवरात्रि पर्व के मद्देनजर मनकामेश्वर मंदिर में तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग लाइन बनाने और उनके बीच बैरिकेडिंग लगाने को कहा। साथ ही पेयजल के लिए वाटर टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और लगाई जा रही सजावटी लाइटों व अन्य बिजली कार्यों की जांच विद्युत सुरक्षा विभाग से कराने को भी कहा, ताकि सभी सुरक्षा मानकों का पालन हो सके। इसके अलावा मंदिर के आसपास लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित ढंग से तय स्थान पर लगाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसीपी राजीव कुमार समेत नगर निगम, विद्युत विभाग, पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


