अलीगढ़ के लोधा थाना क्षेत्र के खेरेश्वर के माधव नगर में शुक्रवार शाम कुंडल लूटकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। इससे एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बदमाश को लोगों से बचाकर अस्पताल में भर्ती कराया है। बदमाशों के पास से लूटे गए कुंडल और तमंचा बरामद हुआ है। ग्राहक बनकर आए और झपट्टा मार दिया शुक्रवार शाम करीब 5 बजे उषा देवी पत्नी शिव सिंह अपने घर के बाहर बनी परचून की दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने पहले पान मसाला मांगा ताकि महिला का ध्यान भटक जाए। जैसे ही महिला गुटखा देने के बाद पैसे का लेनदेन करने लगी तभी एक बदमाश ने उनके कानों पर झपट्टा मारा और सोने के कुंडल खींच लिए। क्रिकेट खेल रहे युवकों ने दिखाया साहस कुंडल लूटते ही बदमाश बाइक से भागने लगे। महिला की चीख-पुकार सुनकर पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवक हरकत में आ गए। युवकों ने बिना डरे बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। भागते समय बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर एक वाहन से टकरा गई। इसका फायदा उठाते हुए ग्रामीणों और युवकों ने घेराबंदी कर दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया। वहीं, बदमाशों का तीसरा साथी भागने में सफल रहा। पुलिस ने लोगों से बचाए बदमाश बदमाशों की ग्रामीणों ने मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी। इससे बदमाश लहूलुहान हो गए। एक बदमाश की हालत गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही लोधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। पकड़े गए बदमाशों में से एक की पहचान तौसीब निवासी शाहजमाल और दूसरे की असरफ निवासी टीवीएस शोरूम के पास हुई है। एक ही हालत गंभीर पुलिस ने तौसीब के पास से लूटे गए कुंडल और एक तमंचा बरामद किया है, जो लोगों की पिटाई के बाद सड़क पर ही गिर गया था। लोगों की पिटाई और बाइक टकराने से घायल तौसीब की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे सूतमील चौराहा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। फरार बदमाश के लिए टीमें लगाईं थाना प्रभारी हेमंत मावी ने बताया कि कुंडल लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को हिरासत में लिया गया है। बाइक टकराने और लोगों की पिटाई से घायल हुए एक बदमाश का इलाज चल रहा है। फरार तीसरे बदमाश की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं।


