Ahmedabad. शहर के जोन-3 उपायुक्त की लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) ने अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया करते हुए दो आरोपियों को कालूपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इनके पास से नौ मोबाइल फोन बरामद हुए जिसकी कीमत 2.64 लाख बताई गई। इनमें से सात मोबाइल चोरी के हैं। इन सात मामलों की गुत्थी सुलझाने में पुलिस को सफलता मिली है। पकड़े गए दोनों ही आरोपी मूलरूप से झारखंड के रहने वाले हैं। इनमें अमित कुमार महतो (20) और बादल महतो (24) साहेबगंज जिले के अंचल तालजारी में महाराजपुर गांव का निवासी है।
जोन-3 उपायुक्त एलसीबी के तहत सूचना के आधार पर टीम ने कालूपुर रेलवे स्टेशन के सामने से कैरोसीन गली के पास से दो आरोपियों को पकड़ा। इनकी तलाशी लेने पर इनके पास से नौ मोबाइल फोन बरामद हुए, जिसमें से सात मोबाइल फोन के संदर्भ में यह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। ऐसे में इन्हें हिरासत में लेकर की गई पूछताछ में पता चला कि यह सातों मोबाइल फोन चोरी के हैं, जिसे इन दोनों ने कुछ समय पहले ही शहर के गीता मंदिर एसटी बस स्टैंड और नरोडा बस स्टैंड से चोरी किया। इस संदर्भ में कागडापीठ थाने में पांच और नरोडा थाने में दो मामले दर्ज हैं।
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर करते चोरी
प्राथमिक जांच में सामने आया कि इसमें से ज्यादातर मोबाइल फोन इन दोनों ही आरोपियों ने 11 फरवरी के दिन गीता मंदिर एसटी बस स्टैंड से चोरी किए थे। यह बस में चढ़ते और उतरते समय होने वाली यात्रियों की भीड़ का लाभ लेकर लोगों की जेब से मोबाइल फोन को पार कर देते थे। सुबह छह बजे के समय इन्होंने मोबाइल चोरी किए थे। आरोपियों को आगे की जांच के लिए कागडापीठ पुलिस और नरोडा पुलिस की हिरासत में सौंपा जाएगा।


