अवैध कटिया हटाने पहुंची बिजली कर्मियों से मारपीट:कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, पुलिस जांच में जुटी

अवैध कटिया हटाने पहुंची बिजली कर्मियों से मारपीट:कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान, पुलिस जांच में जुटी

महोबा में सरकारी कार्य में बाधा डालने और बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अवैध कटिया हटाने पहुंची टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। घटना का वीडियो सामने आया है। यह मामला श्रीनगर थाना क्षेत्र के ननौरा गांव का है। इन दिनों उत्तर प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग द्वारा बकाया बिलों पर ब्याज माफी योजना चलाई जा रही है। इसी क्रम में विभागीय टीम उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने और बिजली चोरी की जांच के लिए गांव पहुंची थी। अवर अभियंता देवकीनंदन के नेतृत्व में लाइनमैन ईश्वर दास, साहब सिंह, मनीष और इमरान क्षेत्र में अभियान चला रहे थे। टीम जब धन प्रकाश साहू के घर पहुंची तो खंभे से अवैध कटिया डालकर बिजली चोरी किए जाने की बात सामने आई। लाइन काटने पर विवाद नियमों के तहत अवर अभियंता ने लाइन काटने के निर्देश दिए। लाइनमैन ईश्वर दास जैसे ही खंभे पर चढ़े, तभी धन प्रकाश के पुत्र सुनील और मानिक ने विरोध शुरू कर दिया। वीडियो में दोनों आरोपियों द्वारा लाइनमैन ईश्वर दास और साहब सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। स्थिति बिगड़ते देख बिजली कर्मियों को मौके से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी। घटना के बाद अवर अभियंता ने श्रीनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है। थाना अध्यक्ष जयचंद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है और वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *