धार नाका के पास भीषण सडक़ हादसा: जीप-बस की टक्कर में घायलों की मदद के लिए पहुंची एंबुलेंस ने श्रद्धालु को मारी टक्कर, मौके पर एक की मौत

धार नाका के पास भीषण सडक़ हादसा: जीप-बस की टक्कर में घायलों की मदद के लिए पहुंची एंबुलेंस ने श्रद्धालु को मारी टक्कर, मौके पर एक की मौत

-बस-जीप हादसे में छह लोग घायल, अधूरी एवं निर्माणाधीन पुलिया और अंधेरे की वजह से हुआ हादसा।

बैतूल/शाहपुर। थाना क्षेत्र के धार नाका के समीप नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक के बाद एक हुई सडक़ दुर्घटनाओंं ने भयावह रूप ले लिया। अधूरी एवं निर्माणाधीन पुलिया के पास खड़ी श्रद्धालुओं से भरी जीप को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच पहुंची हाईवे पेट्रोलिंग एम्बुलेंस भी अनियंत्रित होकर लोगों से टकरा गई, जिससे एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो एम्बुलेंस कर्मियों सहित कुल छह लोग घायल हो गए।
अधूरी पुलिया बनी हादसे का कारण
बताया गया कि, चिचोली से पचमढ़ी जा रहे श्रद्धालुओं की तूफान जीप नेशनल हाईवे पर स्थित निर्माणाधीन पुलिया के पास वाहन खराब होने के कारण खड़ी थी। रात का समय और अपर्याप्त रोशनी के चलते छिंदवाड़ा से इंदौर जा रही एक निजी कंपनी की बस ने खड़ी जीप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और श्रद्धालु वाहन से बाहर निकलकर सहायता के लिए प्रयास करने लगे।
बचाव के दौरान दूसरा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच घायल को लेने आ रही हाईवे पेट्रोलिंग एम्बुलेंस (1033) तेज रफ्तार में घटनास्थल पर पहुंची और वहां खड़े कुछ श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। इस दूसरी टक्कर में एक श्रद्धालु की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक चिचोली का रहने वाला 60 वर्षीय संतोष पिता भूरेलाल बताया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंधेरा और सडक़ पर अव्यवस्थित स्थिति के कारण एम्बुलेंस चालक समय रहते वाहन नियंत्रित नहीं कर सका।
छह घायल, जिला अस्पताल रेफर
इस पूरे घटनाक्रम में दो एम्बुलेंस कर्मियों सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन पुलिया, अपर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और तेज रफ्तार को हादसे के संभावित कारणों में शामिल किया जा रहा है। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। यह घटना एक बार फिर अधूरे निर्माण कार्यों और लापरवाहीपूर्ण ड्राइविंग के खतरों को उजागर करती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निर्माणाधीन पुलिया स्थल पर पर्याप्त संकेतक एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *