महाशिवरात्रि पर 24 घंटे शहर में गाड़ियों की नो एंट्री, घर से कार, रिक्शा लेकर निकलने से पहले देखें रूट, नहीं तो जाम में फसेंगे

महाशिवरात्रि पर 24 घंटे शहर में गाड़ियों की नो एंट्री, घर से कार, रिक्शा लेकर निकलने से पहले देखें रूट, नहीं तो जाम में फसेंगे

बरेली। महाशिवरात्रि को लेकर शहर में ट्रैफिक का कड़ा बंदोबस्त कर दिया गया है। शनिवार रात 9 बजे से रविवार रात 9 बजे तक बरेली की सीमाओं पर पहरा रहेगा। भारी वाहनों की शहर में एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कर दिया है—जो नियम तोड़ेगा, कार्रवाई झेलेगा। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि बेवजह सड़कों पर न निकलें। भीड़ को देखते हुए वैकल्पिक मार्ग अपनाएं, वरना जाम में फंसना तय है।

इन रास्तों से शहर में घुसने की कोशिश भी मत करना

परसाखेड़ा रोड नंबर एक, बिलवा पुल, लालपुर कट, विलयधाम, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, रजऊ परसपुर तिराहा, रामगंगा तिराहा और बुखारा मोड़—इन सभी प्वाइंट्स पर भारी वाहनों की एंट्री पर ताला रहेगा। हर जगह पुलिस पिकेट तैनात है। बैरिकेडिंग होगी और सख्ती भी। बिना अनुमति कोई ट्रक या बड़ा वाहन शहर की ओर मुड़ता दिखा तो सीधी कार्रवाई होगी।

ऐसे घुमाए जाएंगे भारी वाहन, पहले जान लें रूट

दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, नैनीताल और पीलीभीत से बदायूं जाने वाले वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास पकड़ेंगे। नवदिया झादा, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज, देवचरा और भमोरा होकर निकलेंगे। दिल्ली और मुरादाबाद से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन बड़ा बाइपास, झुमका, बिलवा, विलयधाम, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी से डायवर्ट किए जाएंगे। इसके अलावा लखनऊ से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर और रजऊ परसपुर तिराहा से होते हुए बड़ा बाइपास से बाहर निकलेंगे। वहीं बदायूं से बरेली आने वाले भारी वाहन भमोरा, देवचरा चौराहा, दातागंज, फतेहगंज पूर्वी और रजऊ परसपुर तिराहा होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर तक ही आ सकेंगे। दिल्ली जाने वालों को बड़ा बाइपास से ही पास किया जाएगा।

रोडवेज बसों के लिए अलग प्लान

बदायूं और लखनऊ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें रजऊ परसपुर तिराहा से सीधे सेटेलाइट बस अड्डा तक पहुंचेंगी। वहीं दिल्ली से आने वाली बसें मिनी बाइपास, इज्जतनगर, डेलापीर और सौ फुटा पूर्वी से होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे जाएंगी। यात्रियों से अपील है कि समय से पहले निकलें।

मंदिर मार्गों पर पूरी तरह सख्ती

कुदेशिया अंडरपास से अलखनाथ मंदिर की ओर कोई भी चार पहिया, ऑटो या रिक्शा नहीं जा सकेगा। किला क्रॉसिंग से भी अलखनाथ मंदिर की ओर वाहनों पर रोक रहेगी। श्यामगंज और बरेली कॉलेज गेट की तरफ से कालीबाड़ी जाने वाला रास्ता भी बंद रहेगा। महाशिवरात्रि पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने साफ संदेश दे दिया है—सहयोग करें, वरना कार्रवाई के लिए तैयार रहें। शहर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है, अब जिम्मेदारी शहरवासियों की है कि वे नियमों का पालन करें और पर्व को शांतिपूर्ण बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *