जेल में ऐसा क्या हो गया कि अचानक कलक्टर को जाना पड़ा

जेल में ऐसा क्या हो गया कि अचानक कलक्टर को जाना पड़ा

कोटा जिला कलक्टर पीयूष समारिया शुक्रवार को केन्द्रीय कारागृह कोटा का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने जेल अधीक्षक के कक्ष में जाकर विजिटर रजिस्टर में हस्ताक्षर किए और अपने सुझाव लिखे। उन्होंने जेल अधीक्षक से नई जेल के लिए जमीन आवंटन की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी ली।

जिला कलक्टर को केन्द्रीय कारागृह अधीक्षक भैरूसिंह राठौड़ ने बताया कि कोटा जेल में अभी 1538 बंदी हैं। इनमें से 595 कठोर सजा प्राप्त, 178 साधारण सजा प्राप्त 2 विदेशी दण्डित बंदी एवं 762 विचाराधीन बंदी शामिल हैं। उन्होंने कारागृह में आयोजित सुधारात्मक कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेल आर्केस्ट्रा बैंड प्रशिक्षित बंदियों द्वारा संचालित किया जा रहा है। बंदियों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र के माध्यम से कम्प्यूटर सिखाया जाता है। वर्ष 2025 में 209 बंदियों को कम्प्यूटर प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक सोमवार को जेलवाणी के माध्यम से सामूहिक राष्ट्रगान कराया जाता है और बंदियों को मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धक जानकारी दी जाती है। बंदियों को रोजगार एवं कौशल विकास के तहत दरी निर्माण, सिलाई, होम केयर प्रोडक्ट निर्माण आदि सिखाया जा रहा है।

कोटा जेल में अभी 1538 बंदी

उपधीक्षक जेल श्री रोहित कौशिक ने बताया कि कारागृह की लाइब्रेरी में इग्नू द्वारा किताबें उपलब्ध कराई गई हैं। इन किताबों को पढ़कर प्रतिवर्ष 100 से अधिक बंदी दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से सर्टिफिकेट कोर्स, डिग्री एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में शामिल होते हैं। इसके लिए इग्नू द्वारा फीस नहीं ली जाती है। इस वर्ष दसवीं एवं बाहरवीं बोर्ड परीक्षाओं में 36 बंदी शामिल हो रहे हैं।

चैकिंग करने के निर्देश दिए

समारिया ने जेल के किचन का भी निरीक्षण किया और बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन के बारे में जानकारी ली। जिला अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को सुबह के भोजन में चपाती, आलू पत्तागोभी की सब्जी एवं मसूर की दाल उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने बंदियों के मानसिक विकास के लिए ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करने, समय-समय पर जेल अधीक्षक द्वारा जेल मेन्यूअल के अनुसार निरीक्षण किए जाने, रिकॉर्ड सुव्यवस्थित रखने एवं बंदियों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन की समय-समय पर चैकिंग करने के निर्देश दिए। समारिया ने कारागृह की सफाई व्यवस्था एवं अन्य सुविधाओं पर संतुष्टि व्यक्त की।जिला कलक्टर को जेल के आर्केस्ट्रा बैंड के प्रशिक्षित बंदियों ने चिट्ठी आई है गाना सुनाया जिस पर उन्होंने तालियां बजाकर उनकी हौसला अफजाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *