अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनी पर आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने बुलडोजर चला दिया। कॉलोनी के अंदर बनी प्लॉटों की बाउंड्री और सड़क ध्वस्त कर दी। लगभग दो घंटे तक एडीए का बुलडोजर अवैध कॉलोनी में गरजता रहा। कुछ लोगों ने विरोध का प्रयास किया लेकिन एडीए की टास्क फोर्स के सामने वे टिक नहीं पाए।
जलेसर रोड, यमुना एक्सप्रेसवे क्रॉसिंग के पास खसरा संख्या-543 पर रामपाल सिंह तोमर और राजेंद्र सिंह द्वारा 5.5 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। एडीए को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने निर्माणकर्ताओं को नोटिस जारी कर इसकी अनुमति की जानकारी मांगी। मगर, निर्माणकर्ता निर्माण के संबंध में न तो कोई अनुमति दिखा सके और न ही एडीए की ओर से स्वीकृति मानचित्र की कॉपी ही दिखा सके।
निर्माणकर्ताओं ने यहां प्लॉटों की बाउंड्री कर सड़क बना दी थी। इतना ही नहीं, अवैध कॉलोनी के अंदर अन्य विकास कार्य भी कर करा दिए थे। कुछ प्लॉटों पर निर्माण कार्य भी शुरू होने वाला था। मगर, इससे पहल ही एडीए की टीम शुक्रवार को बुलडोजर लेकर निर्माणाधीन अवैध कॉलोनी पर पहुंच गई। यहां बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनी बाउंड्री उखाड़ दीं। इसके साथ ही सड़क को भी ध्वस्त कर दिया। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा-27 के अंतर्गत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।


