जिलाधिकारी की अध्यक्षता में रोजगार मिशन समिति की बैठक:रोजगार महाकुंभ 2025-26 की तैयारियों पर हुई चर्चा

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में रोजगार मिशन समिति की बैठक:रोजगार महाकुंभ 2025-26 की तैयारियों पर हुई चर्चा

विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गठित “जिला कार्यकारी समिति” की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी त्रिदिवसीय रोजगार महाकुंभ 2025-26 के सफल आयोजन की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में जिला कार्यकारी समिति के सभी सदस्य और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ के सहायक निदेशक शशिभूषण उपाध्याय ने समिति की संरचना, उसके कार्यों और आई.आई.एम.टी. विश्वविद्यालय, गंगानगर, मेरठ में 24, 25 एवं 26 फरवरी 2026 को होने वाले रोजगार महाकुंभ की विस्तृत कार्य योजना प्रस्तुत की। विभाग की गतिविधियों पर एक वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। इसमें बदलते परिदृश्य में रोजगार के अवसरों, समेकित रोजगार संगम पोर्टल और विदेशी भर्तियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि आगामी त्रिदिवसीय रोजगार महाकुंभ के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग अपने स्तर से गंभीर प्रयास करें। उन्होंने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, पॉलीटेक्निक संस्थानों, तकनीकी और प्रबंधकीय निजी संस्थानों तथा औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से निजी क्षेत्र की सभी इकाइयों एवं दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के निजी नियोजकों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकृत कराने और अधिक से अधिक रिक्तियां अधिसूचित कराने को कहा। शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को रोजगार महाकुंभ में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग और जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण स्तर तक मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के लिए निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक, क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय को निर्देश दिया कि रोजगार महाकुंभ के प्रचार-प्रसार के लिए प्रचार पत्रक (पम्पलेट), बड़े होर्डिंग्स और बैनर जनपद के अलग-अलग स्थानों पर लगवाए जाएं, जिससे अधिकाधिक युवा लाभान्वित हो सकें। सहायक निदेशक सेवायोजन, मेरठ ने अवगत कराया कि मेले के प्रचार-प्रसार हेतु 20 से 23 फरवरी के बीच जनपद के सभी भागों में एक डिजिटल वैन के माध्यम से विभागीय गतिविधियों और रोजगार महाकुंभ का प्रचार किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *