देवास में सवर्ण समाज के 19 संगठनों ने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) का विरोध में प्रदर्शन किया। शुक्रवार को स्थानीय सयाजीद्वार से यूजीसी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। रैली का समापन जवाहर चौक पर हुआ, जहां सवर्ण समाज द्वारा पुतले का दहन कर ज्ञापन भी सौंपा गया। प्रदर्शनकारी संगठनों ने यूजीसी के नए नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि ये नियम जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देते हैं। ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि समस्त सवर्ण समाज देवास इस कानून का विरोध करता है। मिश्रा ने कहा कि यह नियम सवर्ण समाज के लिए ‘काला कानून’ है और उनके बच्चों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि समस्त सवर्ण समाज के अध्यक्षों के साथ चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद किया गया है। उन्होंने सरकार से इस कानून को तुरंत वापस लेने की अपील की।


