कापरेन. क्षेत्र में अनन्तपुरा डिस्ट्रब्यूटरी में एक सप्ताह से जल प्रवाह बन्द होने से किसानों को नहरी पानी नहीं मिल रहा है और फसलों को पानी देने के लिए समस्या का सामना करना पड़ रहा है। डिस्ट्रब्यूटरी में सीएडी प्रशासन द्वारा खरपतवार कांजी की साफ सफाई करवाने को लेकर जल प्रवाह बन्द कर दिया था।
किसानों द्वारा लगातार जल्द जल प्रवाह शुरू की मांग किये जाने पर डिस्ट्रब्यूटरी में एक सप्ताह बाद जल प्रवाह शुरू करवाया गया है, लेकिन जल स्तर काफी कम होने से किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है।किसानों ने डिस्ट्रब्यूटरी में जल स्तर बढ़ाने की मांग की है। भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री योगेश मीणा किसान छोटू लाल, धनराज मीणा, रमेश कुमार, हनुमान, राजाराम राजकुमार, बह्मानन्द, रामराज, बनवारी, प्रहलाद आदि ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूटरी से क्षेत्र में दो से तीन माह की फसल हो चुकी है और गेहूं की फसल को अंतिम पानी की जरूरत है।
वहीं गर्मी बढऩे से भी फसलों को पानी की जरूरत बढ़ रही है। जल प्रवाह के दौरान खरपतवार अधिक होने से ओवरफ्लो की समस्या बढ़ गई थी और पानी की गति धीमी होने से ङ्क्षसचाई में समस्या हो रही थी, जिस पर सीएडी प्रशासन द्वारा एक सप्ताह पहले क्लोजर लगाकर डिस्ट्रब्यूटरी की सफाई कार्य शुरू करवाया गया। किसानों का कहना है कि डिस्ट्रीब्यूटरी में एक सप्ताह से सफाई का कार्य चलाया जा रहा है और अभी तक यह कार्य पूर्ण नहीं हुआ है।
डिस्ट्रब्यूटरी में जल प्रवाह बन्द है और गेहूं की फसल दो माह से अधिक की हो गई है।पानी के अभाव में फसल खराब होने और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। सीएडी द्वारा सफाई कार्य हर साल जनवरी माह के दौरान करवाई जाती है। इस बार फरवरी माह में सफाई कार्य करवाया जाने से देरी हो रही है। फरवरी माह में गेहूं कि फसल मे पानी की आवश्यकता होती है। किसानों ने जल्द गेज मेंटन करने और पूरी क्षमता से जल प्रवाह शुरू करने की मांग की है।
अनन्तपुरा डिस्ट्रब्यूटरी में खरपतवार बढऩे से ओवरफ्लो की समस्या हो गई थी। जल प्रवाह नहीं हो रहा था, जिसे देखते हुए अति आवश्यक होने पर क्लोजर कर सफाई करवाई गई है। किसानों की लगातार मांग होने से डिस्ट्रब्यूटरी में जल प्रवाह शुरू कर दिया गया है और जल्द पूरी क्षमता अनुसार जल प्रवाह किया जाएगा।
तनय कुमार शर्मा, सहायक अभियंता, सीएडी, केशवरायपाटन


