झाबुआ में त्योहार की दस्तक:प्रशासन ने कसी कमर, हुड़दंग और लापरवाही पर रहेगी पैनी नजर

झाबुआ में त्योहार की दस्तक:प्रशासन ने कसी कमर, हुड़दंग और लापरवाही पर रहेगी पैनी नजर

झाबुआ जिले में आगामी त्योहारों और भगोरिया पर्व के आगमन के साथ ही उत्सव का माहौल बनने लगा है। इन लोक पर्वों में सुरक्षा और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन व पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में झाबुआ एसडीएम भास्कर गाचले और एसडीओपी रूपरेखा यादव ने समाज के प्रबुद्धजनों तथा मेला आयोजन समितियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में सुरक्षा संबंधी विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई। प्रशासन का मुख्य जोर इस बात पर है कि परंपराओं का निर्वहन हर्षोल्लास के साथ हो, लेकिन सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न किया जाए। पुलिस प्रशासन ने विशेष रूप से यातायात और अनुशासन को लेकर कड़े रुख के संकेत दिए हैं। मेले के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। शराब का सेवन कर वाहन चलाने या मेले में हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पिछले दिनों झूला टूटने जैसी घटनाओं से सबक लेते हुए प्रशासन ने इस बार सुरक्षा मानकों को और कड़ा कर दिया है। मेला समितियों को झूलों की गुणवत्ता और नियमित रखरखाव का प्रमाण देना अनिवार्य होगा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। आयोजन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ‘क्राउड मैनेजमेंट’ के विशेष फॉर्मूले पर काम किया जा रहा है, जिससे आम जनता बिना किसी असुविधा के इस पारंपरिक मेले का आनंद ले सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *