जयपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात: सनकी पिता ने 8 महीने की मासूम का कैंची से रेता गला, फिर खुदकुशी की कोशिश

जयपुर में रूह कंपा देने वाली वारदात: सनकी पिता ने 8 महीने की मासूम का कैंची से रेता गला, फिर खुदकुशी की कोशिश

Jaipur Crime: राजधानी जयपुर के मालपुरा गेट थाना इलाके से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। महज 19 साल के एक युवक ने पारिवारिक विवाद और शराब के नशे में अंधा होकर अपनी ही 8 महीने की मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।

बता दें कि आरोपी पिता ने कैंची से अपनी फूल जैसी बच्ची का गला रेत दिया और फिर खुद भी फंदे पर लटककर जान देने की कोशिश की। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान 19 वर्षीय शादाब के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वर्तमान में जयपुर में अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। वारदात की जड़ में 6 फरवरी की रात हुआ एक मामूली विवाद बताया जा रहा है।

ससुराल जाने की बात को लेकर बहस

घटनाक्रम के अनुसार, शादाब और उसकी पत्नी के बीच ससुराल जाने की बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत शादाब ने अपनी पत्नी का गला दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। उस वक्त मकान मालिक के बीच-बचाव करने पर मामला शांत होता दिखा, लेकिन शादाब के सिर पर खून सवार था।

मां की गोद से छीनकर ले गया काल के गाल में

विवाद के कुछ देर बाद, शादाब अपनी 8 महीने की बेटी को पत्नी की गोद से जबरन छीनकर कमरे में ले गया और अंदर से कुंडी लगा ली। मासूम बच्ची, जिसे शायद यह भी नहीं पता था कि उसका रक्षक ही उसका भक्षक बनने वाला है, अपने पिता की गोद में बिलख रही थी। गुस्से में आपा खो चुके शादाब ने कमरे में रखी सिलाई वाली कैंची उठाई और मासूम का गला रेत दिया।
खुदकुशी का प्रयास और रोंगटे खड़े करने वाला मंजर

बेटी की हत्या करने के बाद आरोपी ने कमरे में लगे लोहे के एंगल से मफलर का फंदा बनाया और खुद भी लटक गया। जब काफी देर तक कमरा नहीं खुला और भीतर से कोई आवाज नहीं आई, तो पत्नी ने किसी तरह दरवाजा खोला। अंदर का नजारा रोंगटे खड़े कर देने वाला था। मासूम बच्ची कंबल में लिपटी खून से लथपथ पड़ी थी और शादाब फंदे पर झूल रहा था।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी

सूचना मिलते ही मालपुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दुर्भाग्यवश, मासूम बच्ची ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी शादाब को गंभीर हालत में जयपुर के SMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

थानाधिकारी उदयभान ने बताया कि आरोपी अब खतरे से बाहर है। जैसे ही डॉक्टरों ने उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया, पुलिस ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अत्यधिक शराब का नशा और गृहक्लेश ही इस जघन्य अपराध की मुख्य वजह रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपी सलाखों के पीछे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *